Home राजनीतिराज्यमहाराष्ट्रइंडिगो ने दिल्ली मार्ग की सभी फ्लाइट रद्द कीं, अन्य एयरलाइंस ने बढ़ाए किराये

इंडिगो ने दिल्ली मार्ग की सभी फ्लाइट रद्द कीं, अन्य एयरलाइंस ने बढ़ाए किराये

by admin
0 comments

मुंबई का टिकट 48 हजार और बैंगलौर 68 हजार पार, यात्रियों में आक्रोश

लखनऊ। राजधानी लखनऊ से दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद और बैंगलौर के लिए हवाई यात्रा कर रहे यात्रियों की परेशानी शुक्रवार को चरम पर पहुंच गई। इंडिगो ने लखनऊ–दिल्ली की अपनी सभी उड़ानों को देर रात तक रद्द कर दिया, जबकि अन्य मार्गों पर भी विमान उड़ान नहीं भर सके। अचानक उड़ानें रद्द होने और देरी से यात्रियों में आक्रोश फैल गया और अमौसी एयरपोर्ट पर कई घंटे हंगामा होता रहा।

सूत्रों के अनुसार, इंडिगो की लखनऊ–दिल्ली की हर उड़ान शुक्रवार शाम तक रद्द रही। केवल रात 11:30 बजे की एक फ्लाइट उपलब्ध है, जिसका किराया 18,000 रुपये तक पहुंच गया है। अनुमान है कि उड़ान से पहले यह किराया और बढ़ सकता है। दूसरी एयरलाइंस ने भी टिकटों के दाम कई गुना बढ़ा दिए हैं।

लखनऊ–मुंबई मार्ग पर एयर इंडिया का किराया 48,000 रुपये तक पहुंच गया है, जबकि सामान्य दिनों में यह करीब 5,000 रुपये होता है। इसी तरह लखनऊ–हैदराबाद का किराया 42,665 रुपये और लखनऊ–बैंगलौर का किराया 68,790 रुपये तक पहुंच गया है।

लखनऊ–दिल्ली मार्ग पर भी 7 और 8 दिसंबर की सीधी उड़ानों के टिकट 14,000 से 17,000 रुपये के बीच बिक रहे हैं। वहीं, एयर इंडिया की 7 दिसंबर रात 8:30 बजे वाली उड़ान का किराया 46,301 रुपये हो चुका है।

गुरुवार रात से उड़ानें रद्द होने और घंटों की देरी से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। मुंबई जाने वाले एक यात्री ने बताया कि उनकी उड़ान 3:50 बजे की थी, लेकिन बिना स्पष्ट कारण बताए कैंसिल कर दी गई। कई यात्री लंबे इंतजार के बाद निराश होकर एयरलाइन काउंटर पर नाराजगी जताते दिखे।

रूपम यादव अपने परिवार के साथ लखनऊ से मुंबई होते हुए तंजानिया जाने वाले थे। उनकी गुरुवार रात 9:50 बजे की उड़ान रद्द हो गई, जिसके बाद उन्हें मुंबई–तंजानिया की टिकट दोबारा 4.50 लाख रुपये में बुक करनी पड़ी। इसके बावजूद इंडिगो ने शुक्रवार दोपहर तक कोई फ्लाइट उपलब्ध नहीं होने की जानकारी दी। पूरा परिवार रात से ही एयरपोर्ट पर फंसा हुआ है।

बार-बार उड़ानें रद्द होने से यात्रियों में भारी असंतोष देखने को मिल रहा है। एयरलाइन कंपनियों ने रद्दीकरण के पीछे मौसम और तकनीकी वजहें बताई हैं, लेकिन यात्रियों का कहना है कि उन्हें समय रहते जानकारी नहीं दी जा रही, जिससे उनकी अंतरराष्ट्रीय यात्राएं भी प्रभावित हो रही हैं।

You may also like

Leave a Comment

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?
-
00:00
00:00
Update Required Flash plugin
-
00:00
00:00