Home ताजा खबरझुंझुनू में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ पर शिक्षक को 3 साल की जेल

झुंझुनू में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ पर शिक्षक को 3 साल की जेल

by admin
0 comments

झुंझुनू। राजस्थान के झुंझुनू जिले में एक नाबालिग छात्रा से दुर्व्यहार के मामले में विशेष न्यायाधीश (पोक्सो एक्ट) की अदालत ने एक स्कूल शिक्षक को तीन वर्ष के कठोर कारावास और 20,000 रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है। अदालत ने शुक्रवार को यह फैसला सुनाते हुए कहा कि प्रस्तुत साक्ष्यों से अपराध सिद्ध होता है और आरोपी को दंडित किया जाना आवश्यक है।

प्रकरण 28 मार्च 2024 का है। घटना के समय 16 वर्ष 11 माह की पीड़िता अपनी मां के साथ पुलिस थाना बगड़ पहुंची और लिखित रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में छात्रा ने बताया कि जीव विज्ञान का पेपर देने के बाद वह स्कूल से घर लौटने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान उसके विषय के शिक्षक, जो इस मामले में आरोपी हैं, स्कूल के बाहर मिले और उसे यह कहकर अपनी गाड़ी में बैठने को कहा कि वे उसी दिशा में जा रहे हैं और उसे घर छोड़ देंगे।

पीड़िता के अनुसार, जब वह पिछली सीट पर बैठने लगी तो शिक्षक ने उसे आगे की सीट पर बैठने के लिए कहा। कुछ दूरी तय करने के बाद शिक्षक ने छात्रा के साथ अनुचित व्यवहार करना शुरू कर दिया, जिससे वह घबरा गई और बार-बार रोकने का निवेदन करती रही। इसके बावजूद आरोपी ने अपनी हरकत नहीं रोकी।

छात्रा ने बताया कि गाड़ी जब उसके घर के सामने पहुंची और वह उतरने लगी, तो शिक्षक ने उसका हाथ पकड़कर रोकने की कोशिश की। किसी तरह खुद को छुड़ाकर वह घर पहुंची और परिवार को पूरी घटना बताई। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू की। साक्ष्य संकलित करने और गवाहों के बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने आरोपी शिक्षक के विरुद्ध आरोप पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया। सुनवाई के दौरान अदालत ने सभी गवाहियों, दस्तावेजी प्रमाणों और जांच रिपोर्ट का परीक्षण किया।

विशेष न्यायाधीश ने कहा कि एक शिक्षक द्वारा छात्रा के प्रति ऐसा व्यवहार न केवल विश्वास को चोट पहुंचाता है, बल्कि बच्चों की सुरक्षा पर भी गंभीर प्रश्न खड़ा करता है। अदालत ने आरोपी को दोषी ठहराते हुए तीन वर्ष का कठोर कारावास और 20,000 रुपये अर्थदंड का आदेश दिया। अर्थदंड अदा न करने पर अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। अदालत के इस फैसले को स्थानीय लोगों ने बाल संरक्षण के प्रति एक महत्वपूर्ण संदेश बताया है।

You may also like

Leave a Comment

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?
-
00:00
00:00
Update Required Flash plugin
-
00:00
00:00