Home ताजा खबरपाँच दिनों से लापता 8 वर्षीय बच्चे का शव पानी की टंकी में मिला

पाँच दिनों से लापता 8 वर्षीय बच्चे का शव पानी की टंकी में मिला

by admin
0 comments

इलाके में मचा हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी

वसई–विरार क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। नालासोपारा पश्चिम इलाके में पिछले पाँच दिनों से लापता 8 वर्षीय बच्चे का शव इमारत की पानी की टंकी से बरामद होने से पूरे परिसर और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्र हो गए।

मृत बच्चे की पहचान मेहराज मुस्तफा शेख (8) के रूप में हुई है। वह नालासोपारा पश्चिम के टाकीपाड़ा क्षेत्र स्थित कराडीबाग नामक इमारत में अपने माता-पिता के साथ रहता था। परिजनों के अनुसार 3 दिसंबर को मेहराज घर के बाहर खेलने के लिए गया था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। शुरुआती तौर पर परिवार ने उसे आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां तलाश किया, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।

बच्चे का पता नहीं चलने पर 4 दिसंबर को परिवार ने नालासोपारा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने बच्चे के लापता होने और अपहरण की आशंका को देखते हुए मामला दर्ज किया था। पुलिस और स्थानीय स्वयंसेवकों ने भी अलग-अलग जगहों पर खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।

सोमवार सुबह कराडीबाग इमारत के कुछ रहिवाशों को पानी की टंकी की ओर से तेज बदबू महसूस हुई। रहिवाशों ने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस और अग्निशमन दल को दी। मौके पर पहुंचे कर्मचारियों ने जब पानी की टंकी की जांच की, तो उसके भीतर बच्चे का शव सड़ी-गली हालत में पाया गया। टंकी का ढक्कन खुला हुआ था, जिससे लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह संभावना जताई जा रही है कि मेहराज खेलते समय गलती से पानी की टंकी के पास पहुंच गया होगा और खुले ढक्कन के कारण फिसलकर टंकी में गिर गया, जिससे उसकी जान चली गई। हालांकि पुलिस ने कहा है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।

घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। नालासोपारा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

You may also like

Leave a Comment

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?
-
00:00
00:00
Update Required Flash plugin
-
00:00
00:00