वाराणसी: पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के भारतेंदु सभागार में मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन की अध्यक्षता में भारत रत्न डॉक्टर बाबासाहब आंबेडकर का 70 वाँ महापरिनिर्वाण दिवस मनाया गया । इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक समेत अपर मंडल रेल प्रबंधक(इन्फ्रा) अजय सिंह,वरिष्ठ मंडल इंजीनियर समन्वय विकास कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर(सामान्य) पंकज केशरवानी,वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक अजय प्रताप सिंह, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह,वरिष्ठ मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर श्री रजत प्रिय, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर(Enhm) अभिषेक राय,वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर(C&W) अनुभव पाठक, वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक नितेश अग्रवाल,वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी बलेन्द्र पाल, सहायक कार्मिक अधिकारी वीरेन्द्र यादव एवं सहायक कार्मिक अधिकारी दया राम सहित कार्मिक विभाग के निरीक्षकों समेत अनुसूचित जाति/जनजाति कर्मचारी एसोसिएशन के सदस्यों,एन ई रेलवे मेंस कांग्रेस यूनियन के पदाधिकारी एवं कर्मचारियों ने डाक्टर बाबासाहब आंबेडकर के तैल चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजली दी ।
अपने अध्यक्षीय सम्बोधन में आशीष जैन ने कहा की भारत रत्न डॉक्टर बाबा साहब आंबेडकर भारत ही नही बल्कि सम्पूर्ण विश्व की एक महान विभूति थे । आज “भारत रत्न” डॉक्टर बाबा साहब आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस के अवसर पर हम सब यहां एकत्रित हुए हैं। बाबा साहब केवल भारतीय संविधान के निर्माता ही नहीं थे, बल्कि सामाजिक न्याय, समानता, मानवाधिकार और लोकतांत्रिक आदर्शों के सबसे मजबूत स्तंभ थे।
उनका जीवन हमें यह प्रेरणा देता है कि किसी भी संस्था, समाज या राष्ट्र की प्रगति का आधार समान अवसर, निष्पक्षता, अनुशासन, और कर्मठता है। उन्होंने सदैव शिक्षा, संगठन और संघर्ष को व्यक्तिगत व सामाजिक उत्थान की कुंजी बताया।
भारतीय रेल जैसे विशाल संगठन में इन आदर्शों का महत्व और भी बढ़ जाता है। हमारा दायित्व है कि हम सभी अधिकारी और कर्मचारी-अपने कार्यस्थल पर पारदर्शिता बनाए रखें, निर्णयों में न्याय व समानता को प्राथमिकता दें, तथा प्रत्येक कर्मचारी के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करें। यही वह वातावरण है जिसकी परिकल्पना बाबा साहब ने की थी।
मैं इस अवसर पर वाराणसी मंडल के सभी कर्मचारियों के श्रम, समर्पण और टीमवर्क की सराहना करता हूँ।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री अभिनव कुमार सिंह ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए बाबा साहब के व्यक्तित्व और कृतित्व प्रकाश डालते हुए बताया की बाबा साहब ने समाज मे व्याप्त बिखराव और असमानता की संकीर्णताओं से बाहर निकलने का रास्ता खोजा और दूसरों के लिए राह आसान बनायी इसके पीछे उनके स्वयं के जीवन में घटी घटनायें और विषमताएं थीं। जिसे महसूस करके आने वाली पीढियों को उनसे मुक्त रखने के लिए उन्होंने दृढ निश्चय किया था। बाबा साहब ने अपने जीवन में एक अद्वितीय उदाहरण बनकर, तमाम वंचितों- उपेक्षितों और बेसहारा लोगोंके लिये प्रेरणास्रोत बनकर एवं मार्गदर्शन देकर उनका उद्धार कर दिया ।हम सब का कर्तव्य है कि उसी भाव को उसी दृष्टि को और उसी परिश्रम को अनुसरण करते हुए बाबा साहब के बताए हुए मार्ग पर चलें और देश के विकास में अपना अपना योगदान करें।
इस अवसर पर एस सी एस टी रेलवे इम्प्लॉइज एसोसिएशन के मंडल मंत्री प्रमोद कुमार ने बताया की महिला उत्थान के लिए भी आजीवन संघर्षशील रहे। उपरोक्त जानकारी पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार की ओर से एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी गई।