मुंबई। भारतीय सिनेमा के दर्शकों के लिए एक बड़ा सरप्राइज़ तैयार है। साल 2026 की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल नमित मल्होत्रा की भव्य प्रस्तुति रामायण का 3d प्रोमो अब सिनेमाघरों में दिखाया जाएगा। यह प्रोमो, जिसने पहले ही इंटरनेट पर जबरदस्त चर्चा बटोरी है, अब पहली बार बड़े पर्दे पर हॉलीवुड की मेगा फिल्म अवतार: फायर एंड ऐश के साथ दर्शकों को देखने मिलेगा।
बताया जा रहा है कि रामायण का यह 3d प्रोमो सिनेमाघरों में एक अनोखा और अभूतपूर्व अनुभव देने वाला है। शुरुआती दर्शकों, जिन्होंने इसका 3d वर्ज़न देखा है, उनका कहना है कि यह “बेहद शानदार” है और भारतीय सिनेमा में अब तक का “सबसे अलग और दमदार 3d अनुभव” पेश करता है। फैंस के लिए यह प्रोमो फिल्म की झलक से कहीं ज्यादा, एक विज़ुअल ट्रीट साबित होने वाला है।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही रामायण को प्राइम फोकस स्टूडियोज़ प्रोड्यूस कर रहा है। इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के को-प्रोड्यूसर के तौर पर यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस और आठ बार ऑस्कर जीत चुकी वीएफएक्स कंपनी dneg भी जुड़ी है। इस सहयोग को भारतीय सिनेमा के इतिहास के सबसे बड़े क्रिएटिव और टेक्निकल गठजोड़ों में से एक माना जा रहा है।
फिल्म की स्टारकास्ट भी उतनी ही भव्य है, जितनी इसकी परिकल्पना। रामायण में रणबीर कपूर, यश, साई पल्लवी, सनी देओल और रवि दुबे अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। वहीं, संगीत की कमान दो दिग्गजों—हॉलीवुड के मशहूर कंपोज़र हंस ज़िमर और भारत के ऑस्कर विजेता ए.आर. रहमान—के हाथों में है। यह पहली बार होगा जब ये दोनों दिग्गज किसी भारतीय फिल्म के लिए साथ काम कर रहे हैं, जिससे दर्शकों की उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं।
हालांकि यह महागाथा दिवाली 2026 से सिनेमाघरों में दस्तक देगी, लेकिन इसका पहला भव्य सिनेमाई अनुभव दर्शकों को इससे पहले ही मिल जाएगा। अवतार: फायर एंड ऐश के साथ दिखाया जाने वाला यह 3d प्रोमो न सिर्फ रामायण की दुनिया की झलक देगा, बल्कि यह भी संकेत देगा कि भारतीय सिनेमा किस स्तर की तकनीक और विज़न की ओर बढ़ रहा है।
फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े जानकारों का मानना है कि यह प्रोमो थिएटर्स में दर्शकों की उत्सुकता को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा और रामायण को रिलीज़ से पहले ही एक ऐतिहासिक सिनेमाई इवेंट बना देगा।
