Home राजनीतिराज्यमहाराष्ट्रमुंबई एयरपोर्ट पर 33 करोड़ का गांजा जब्त, 11 तस्कर गिरफ्तार

मुंबई एयरपोर्ट पर 33 करोड़ का गांजा जब्त, 11 तस्कर गिरफ्तार

by admin
0 comments

बैंकॉक कनेक्शन का खुलासा, कस्टम की बड़ी कार्रवाई

मुंबई | मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम विभाग ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अब तक की एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए 33 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का गांजा जब्त किया है। कस्टम अधिकारियों ने कुल 8 अलग-अलग मामलों में 11 अंतरराष्ट्रीय तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 33.422 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 33.422 करोड़ रुपये आंकी गई है।

कस्टम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई बैंकॉक से मुंबई आने वाली फ्लाइट्स पर यात्रियों की गहन प्रोफाइलिंग और खुफिया इनपुट के आधार पर की गई। पहले चरण में बैंकॉक से मुंबई पहुंचे यात्रियों की सख्त जांच के दौरान 5 तस्करों को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान उनके सामान और शरीर पर छिपाकर लाया गया कुल 16.482 किलो गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में तस्करों के बयानों से अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क के संकेत मिले।

इसी क्रम में कस्टम अधिकारियों को बैंकॉक से मुंबई आ रही एक अन्य फ्लाइट के जरिए गांजा तस्करी की ठोस खुफिया जानकारी मिली। इसके आधार पर विशेष निगरानी रखी गई और फ्लाइट के मुंबई पहुंचते ही संदिग्ध यात्रियों को रोका गया। जांच में 6 अन्य तस्करों के पास से 16.940 किलो गांजा बरामद किया गया। इस तरह कुल मिलाकर 11 तस्करों से 33.422 किलो गांजा जब्त किया गया।

अधिकारियों के अनुसार, तस्कर गांजे को वैक्यूम पैकिंग कर कपड़ों, बैग के फॉल्स बॉटम और अन्य चतुर तरीकों से छिपाकर ला रहे थे, ताकि सुरक्षा एजेंसियों की नजर से बच सकें। हालांकि, कस्टम की सतर्कता और तकनीकी जांच के चलते उनका प्रयास विफल हो गया।

सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (ndps) कानून के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। कस्टम विभाग अब इस बात की जांच कर रहा है कि यह गांजा मुंबई में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था और इसके पीछे कौन सा अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट सक्रिय है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े और भी खुलासे हो सकते हैं।

कस्टम विभाग ने इसे मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता बताते हुए कहा है कि एयरपोर्ट पर निगरानी और सख्त की जाएगी, ताकि ऐसे अपराधों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।

You may also like

Leave a Comment

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?
-
00:00
00:00
Update Required Flash plugin
-
00:00
00:00