300 मीटर पहाड़ी सुरंग का काम पूरा, कर्जत–पनवेल रेल परियोजना को मिली रफ्तार

  • कर्जत–पनवेल लोकल के सपने को नई राह, जल्द दौड़ेंगी उपनगरीय ट्रेनें

  • मुंबई। कई वर्षों के लंबे इंतजार के बाद कर्जत–पनवेल रेलवे मार्ग के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। इस बहुप्रतीक्षित परियोजना में सबसे बड़ी बाधा मानी जा रही 300 मीटर लंबी पहाड़ी सुरंग का निर्माण कार्य आखिरकार पूरा हो गया है। इसके साथ ही कर्जत–पनवेल लोकल ट्रेन सेवा शुरू होने का रास्ता लगभग साफ हो गया है।

    यह नई सुरंग किरवली और वांजले गांवों के बीच स्थित पहाड़ी क्षेत्र को काटकर बनाई गई है। लंबे समय से इस मार्ग पर सुरंग निर्माण का कार्य चल रहा था, जो अब अपने निर्णायक चरण में पहुंच चुका है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, सुरंग का काम पूरा होने के बाद अब केवल रेलवे ट्रैक बिछाने का कार्य शेष रह गया है। इसके पूरा होते ही इस मार्ग पर उपनगरीय लोकल ट्रेन सेवा शुरू की जा सकेगी।

    दरअसल, वर्ष 2005 में निर्मित पुरानी हलीविली सुरंग समय के साथ कमजोर हो गई थी। वहां लगातार पत्थर गिरने की घटनाएं सामने आ रही थीं, जिससे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं उत्पन्न हो गई थीं। इसी को ध्यान में रखते हुए मध्य रेलवे ने पनवेल से कर्जत के बीच एक नए, सुरक्षित और आधुनिक रेलवे मार्ग के निर्माण का निर्णय लिया था।

    नई योजना के तहत पनवेल से चौक तक पुराने रेलवे मार्ग का उपयोग किया जा रहा है, जबकि चौक से कर्जत तक पूरी तरह नया रेलवे ट्रैक विकसित किया जा रहा है। इसी नए खंड में किरवली–वांजले क्षेत्र में यह आधुनिक सुरंग तैयार की गई है। खास बात यह है कि यह सुरंग दोहरी रेलवे लाइन के अनुरूप बनाई गई है, ताकि भविष्य में यात्रियों की बढ़ती संख्या को आसानी से संभाला जा सके।

    मुंबई रेलवे विकास निगम (एमआरवीसी) के अनुसार, इस पूरे 29.6 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर पर उपनगरीय लोकल सेवाएं मार्च 2026 तक शुरू होने की संभावना है, जबकि पहले इसका लक्ष्य दिसंबर 2025 रखा गया था। सुरंग निर्माण पूरा होने से कर्जत–पनवेल रेलवे परियोजना को नई गति मिली है। इसके शुरू होने से कर्जत, पनवेल और आसपास के इलाकों के हजारों यात्रियों को रोजाना की यात्रा में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

    Related posts

    ‘चोरी का पानी, सूखे नल’-कल्याण-डोंबिवली में जल संकट पर बवाल

    सरकारी कर्मचारियों के आंदोलन का असर, मुंबई के अस्पतालों में सेवाएं आंशिक रूप से प्रभावित

    बारामती उपचुनाव: प्रचार के अंतिम दिन महायुति का शक्ति प्रदर्शन, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सुनेत्रा अजित पवार के लिए मांगा समर्थन