मुंबई, 10 जनवरी। मुंबई के गोरगांव (पश्चिम) इलाके में शनिवार तड़के आग लगने की एक दर्दनाक घटना में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। यह हादसा भगतसिंह नगर, राजाराम लेन स्थित एक ग्राउंड प्लस एक मंजिला इमारत में सुबह करीब 3:06 बजे हुआ। आग की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड (एमएफबी) मौके पर पहुंची।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इमारत के भूतल पर बिजली की वायरिंग और घरेलू सामान में आग लगी, जो तेजी से फैल गई। वहीं पहली मंजिल पर एक कमरे में मौजूद तीन लोगों के कपड़ों में भी आग लग गई। आग लगते ही स्थानीय नागरिकों ने तत्काल बाल्टियों में पानी भरकर आग बुझाने का प्रयास किया।
दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर बिजली की आपूर्ति बंद कराई और बाल्टियों की मदद से आग पर काबू पाया। करीब दस मिनट की मशक्कत के बाद सुबह 3:16 बजे आग को पूरी तरह बुझा लिया गया।
दमकलकर्मियों ने गंभीर रूप से झुलसे तीनों लोगों को बाहर निकालकर पुलिस वैन और निजी वाहन की सहायता से ट्रॉमा केयर अस्पताल पहुंचाया, जहां अस्पताल के आरएमओ डॉ. मोइन ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान हर्षदा पावस्कर (19), कुशल पावस्कर (12) और संजोग पावस्कर (48) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों एक ही परिवार के सदस्य थे।
घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस और दमकल विभाग द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी।