सलमान–चित्रांगदा की जोड़ी पहली बार साथ, अरिजीत–श्रेया की आवाज़ ने बढ़ाया गाने का असर
मुंबई। देशभक्ति की भावना से सराबोर फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ का पहला गाना ‘मातृभूमि’ आखिरकार रिलीज़ कर दिया गया है। टीज़र के बाद यह गाना दर्शकों के सामने फिल्म की भावनात्मक दुनिया की पहली झलक लेकर आया है। सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले रिलीज़ हुआ यह गीत सोशल मीडिया पर तेजी से ट्रेंड कर रहा है और फैंस के बीच जबरदस्त चर्चा का विषय बना हुआ है।
गाने में सलमान खान भारतीय सेना के अधिकारी के दमदार अवतार में नजर आ रहे हैं, जबकि उनके साथ पहली बार स्क्रीन साझा कर रहीं चित्रांगदा सिंह की मौजूदगी भी खास आकर्षण बनी हुई है। दोनों को बच्चों के साथ पारिवारिक दृश्यों में दिखाया गया है, जहां घरेलू सुख-शांति के पल अचानक गलवान घाटी की कड़ी जंग के दृश्य से जुड़ते हैं। यह कॉन्ट्रास्ट गाने को और ज्यादा भावनात्मक और प्रभावशाली बना देता है।
‘मातृभूमि’ गीत कर्तव्य, प्रेम, बलिदान और देशसेवा की भावना को बेहद सशक्त तरीके से पेश करता है। संगीतकार हिमेश रेशमिया ने इस गाने को अपनी दिल छू लेने वाली धुन से सजाया है। हिमेश ने इसे अपने करियर का भावुक अनुभव बताते हुए कहा कि सेना की ऊर्जा और देशभक्ति की भावना ने इस गीत को खास बना दिया। अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल की आवाज़ ने गाने में जान डाल दी है, वहीं समीर अंजन के बोल गीत को गहराई प्रदान करते हैं।
फिल्म का निर्माण सलमा खान ने सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले किया है, जबकि निर्देशन की कमान अपूर्व लाखिया ने संभाली है। सोनी म्यूजिक इंडिया इस फिल्म का आधिकारिक म्यूजिक पार्टनर है।
बताया जा रहा है कि ‘बैटल ऑफ गलवान’ वीरता, त्याग और साहस की सच्ची घटनाओं से प्रेरित कहानी को बड़े पर्दे पर भव्य अंदाज में पेश करेगी। चित्रांगदा सिंह फिल्म में एक अहम भूमिका निभा रही हैं। गाने की रिलीज़ के बाद से ही दर्शकों में फिल्म को लेकर उत्सुकता कई गुना बढ़ गई है और अब फैंस को इसके ट्रेलर और रिलीज़ डेट का बेसब्री से इंतजार है।