नायगांव में पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या की, नालासोपारा में मां ने नाबालिग बेटी की जान ली

वसई। वसई–विरार शहर एक बार फिर दो अलग-अलग स्थानों पर हुई सनसनीखेज हत्याओं से दहल उठा है। महज 24 घंटे के भीतर सामने आई इन दो वारदातों ने कानून-व्यवस्था के साथ-साथ समाज में बढ़ती पारिवारिक कलह पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर नायगांव पूर्व में पति ने पत्नी की हत्या कर दी, वहीं दूसरी ओर नालासोपारा पूर्व में एक मां ने अपनी ही नाबालिग बेटी को मौत के घाट उतार दिया।
पहली घटना 23 जनवरी 2026 को नायगांव पूर्व के खुताड़ीपाड़ा इलाके में घटी। यहां राकेश कुमार मौर्य ने अपनी पत्नी कोमल मौर्य की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार आरोपी को पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से प्रेम संबंध होने का शक था, जिसको लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। शुक्रवार दोपहर भी दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई और आरोपी ने पत्नी की जान ले ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस घटना की चर्चा अभी थमी भी नहीं थी कि नालासोपारा पूर्व से एक और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आ गई। संतोष भुवन क्षेत्र के तांडा पाड़ा स्थित विद्या विकासिनी चाल में शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे मां कुमकुम प्रजापति ने अपनी 15 वर्षीय बेटी अंबिका प्रजापति की बेरहमी से हत्या कर दी। अंबिका पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मां-बेटी के बीच अक्सर घरेलू विवाद होते रहते थे।
घटना की सूचना मिलते ही तुलिंज पुलिस मौके पर पहुंची, आरोपी मां को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि अंबिका की हत्या वरवंटा (सील-बट्टा) से सिर पर वार कर की गई थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मीरा-भायंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय परिमंडल-3 की पुलिस उपायुक्त पौर्णिमा चौगुले श्रृंगी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की गई। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि मृतका अपने छोटे भाई-बहनों के साथ मारपीट करती थी, जिसका मां विरोध करती थी। इसी पारिवारिक तनाव के चलते वारदात होने की आशंका जताई जा रही है।
इन दोनों हत्याओं के बाद वसई–विरार क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लगातार सामने आ रही पारिवारिक विवादों से जुड़ी हिंसक घटनाएं समाज के लिए गंभीर चेतावनी बनती जा रही हैं। पुलिस दोनों मामलों की गहराई से जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।