Home मनोरंजनबॉलीवुड‘मर्दानी 3’ के बहाने रानी मुखर्जी के 30 साल पूरे, रणबीर कपूर बोले – पूरी इंडस्ट्री का एकजुट होना ऐतिहासिक

‘मर्दानी 3’ के बहाने रानी मुखर्जी के 30 साल पूरे, रणबीर कपूर बोले – पूरी इंडस्ट्री का एकजुट होना ऐतिहासिक

by trilokvivechana
0 comments

मुंबई। अभिनेत्री रानी मुखर्जी के सिनेमा में 30 वर्षों के शानदार सफर का जश्न इस बार ‘मर्दानी 3’ के साथ मनाया जा रहा है। इस मौके पर अभिनेता रणबीर कपूर ने रानी के प्रति अपनी भावनाएं साझा करते हुए कहा कि उनके लिए यह देखना बेहद खास है कि पूरा फिल्म उद्योग एकजुट होकर रानी की आइकॉनिक विरासत का सम्मान कर रहा है।

रणबीर कपूर और रानी मुखर्जी ने साथ में फिल्म ‘सांवरिया’ से काम किया था, जो रणबीर की डेब्यू फिल्म भी थी। रणबीर का कहना है कि करियर की शुरुआत में रानी का मार्गदर्शन उनके लिए प्रेरणा का स्रोत बना। उन्होंने कहा, “रानी पहली कलाकार थीं, जिन्होंने मुझसे कहा था कि मेहनत करूंगा तो बहुत आगे जाऊंगा। उस वक्त उनके शब्दों ने मुझे आत्मविश्वास दिया, जिसे मैं आज तक नहीं भूल पाया हूं।”

रणबीर ने रानी की शख्सियत और कला की भी जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि उन्होंने रानी को एक कलाकार और इंसान दोनों रूपों में बहुत करीब से देखा है। “उनकी गरिमा, आकर्षण और अभिनय क्षमता हमेशा मुझे प्रभावित करती रही है। रानी उन कलाकारों में से हैं, जिन्हें पीढ़ियां याद रखेंगी। वे भारतीय सिनेमा की महान अभिनेत्रियों में शामिल हैं और उनके काम ने इंडस्ट्री की दिशा को नया आयाम दिया है,” रणबीर ने कहा।

उन्होंने यह भी कहा कि रानी ने अपने किरदारों और फिल्मों के चयन के जरिए पर्दे पर महिलाओं की प्रस्तुति को एक नई पहचान दी। रणबीर ने भावुक अंदाज में कहा, “धन्यवाद रानी – फिल्मों के लिए, उन यादों के लिए, उस नॉस्टैल्जिया के लिए और उन दमदार परफॉर्मेंस के लिए। उन्होंने अपना पूरा जीवन दर्शकों को खुश करने के लिए समर्पित किया है। उनकी फिल्मों का मुझ पर गहरा प्रभाव रहा है।”

इधर, ‘मर्दानी 3’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म का कंटेंट इंटरनेट पर तेजी से चर्चा का विषय बना हुआ है। महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर केंद्रित यह फ्रेंचाइज़ी हर बार एक गंभीर सामाजिक मुद्दे को सामने लाती रही है। इस बार ‘मर्दानी 3’ में 8 से 9 साल की मासूम बच्चियों के अपहरण जैसे संवेदनशील और गंभीर विषय को उठाया गया है, जिसके पीछे एक भयावह सच्चाई उजागर की जाएगी।

फिल्म का निर्देशन अभिराज मिनावाला कर रहे हैं, जबकि निर्माण की जिम्मेदारी आदित्य चोपड़ा ने संभाली है। ‘मर्दानी’ फ्रेंचाइज़ी की खास पहचान सामाजिक सरोकारों से जुड़ी कहानियां रही हैं। जहां पहली फिल्म में मानव तस्करी की कड़वी सच्चाइयों को दिखाया गया था, वहीं ‘मर्दानी 2’ में एक सीरियल अपराधी की विकृत मानसिकता को उजागर किया गया। अब ‘मर्दानी 3’ समाज के एक और अंधेरे और क्रूर पहलू को सामने लाने के लिए तैयार है, जिससे इस श्रृंखला की प्रभावशाली और मुद्दा-आधारित कहानी कहने की परंपरा और मजबूत होने की उम्मीद है।

You may also like

Leave a Comment

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?
-
00:00
00:00
Update Required Flash plugin
-
00:00
00:00