Home ताजा खबरसायन स्टेशन पर लोकल में झगड़ा, धक्का-मुक्की से तीन यात्री ट्रैक के पास गिरे, एक की हालत गंभीर

सायन स्टेशन पर लोकल में झगड़ा, धक्का-मुक्की से तीन यात्री ट्रैक के पास गिरे, एक की हालत गंभीर

by trilokvivechana
0 comments

मुंबई। महानगर की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन में भीड़ और अव्यवस्था एक बार फिर खतरनाक साबित हुई। मध्य रेलवे के सायन स्टेशन पर शुक्रवार सुबह पीक आवर के दौरान यात्रियों के बीच हुए विवाद में तीन यात्री संतुलन खोकर रेलवे ट्रैक के पास गिर पड़े। घटना से स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए लोकल सेवाएं प्रभावित रहीं।

घटना सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) की ओर जाने वाली स्लो लोकल जैसे ही सायन स्टेशन से रवाना होने लगी, तभी कुछ यात्रियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद धक्का-मुक्की में बदल गया। इसी दौरान तीन पुरुष यात्री अपना संतुलन नहीं संभाल पाए और प्लेटफॉर्म से फिसलकर ट्रैक के किनारे गिर पड़े।

सूचना मिलते ही रेलवे कंट्रोल रूम ने तत्काल सुरक्षा कदम उठाते हुए दोनों दिशाओं में आने-जाने वाली ट्रेनों की बिजली आपूर्ति लगभग आठ से नौ मिनट के लिए बंद कर दी। इससे किसी भी दिशा से ट्रेन के प्रवेश का खतरा टल गया और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। केंद्रीय रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सायन नॉन-ऑपरेटिंग स्टेशन है, जहां स्थायी रूप से स्टेशन मास्टर तैनात नहीं रहते, इसके बावजूद कंट्रोल रूम ने तेजी से कार्रवाई की।

रेलवे पुलिस के मुताबिक, घायल यात्रियों की पहचान अफजल चौधरी (36) निवासी गोवंडी, सचिन विश्वकर्मा (21) निवासी नालासोपारा और जैनिल सैय्यद (25) निवासी कुर्ला के रूप में हुई है। तीनों को तुरंत सायन स्थित लोकमान्य तिलक नगर निगम सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अस्पताल सूत्रों ने बताया कि अफजल चौधरी की हालत गंभीर है और पेट व हाथ में गंभीर चोटों के चलते उनकी सर्जरी की जा रही है। जैनिल सैय्यद के हाथ और कमर में फ्रैक्चर आया है, जबकि सचिन विश्वकर्मा के चेहरे की हड्डियों में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है। घटना के कारण कुछ समय तक लोकल ट्रेन सेवाएं बाधित रहीं, हालांकि बाद में स्थिति सामान्य कर दी गई।

You may also like

Leave a Comment

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?
-
00:00
00:00
Update Required Flash plugin
-
00:00
00:00