
मुंबई। महानगर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुंबई क्राइम ब्रांच ने बोरिवली इलाके में एक बड़े सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। मसाज पार्लर की आड़ में संचालित हो रहे इस गिरोह के खिलाफ की गई कार्रवाई में स्पा मैनेजर, कैशियर और दो हाउसकीपिंग कर्मचारियों सहित कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मौके से 10 महिलाओं को मुक्त कराकर सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है।
क्राइम ब्रांच से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आसलम अज़ीज़ शेख, गणेश मुरुडकर, स्वप्निल सावंत और सुधीरकुमार प्रसाद के रूप में हुई है। चारों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच के बाद आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए बोरिवली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शिम्पोली रोड स्थित पुरवा प्लाजा को-ऑपरेटिव सोसायटी में अदाणी इलेक्ट्रिसिटी कार्यालय के सामने संचालित “मुद्रम” नामक मसाज पार्लर को लेकर लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं। गुप्त सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच ने जाल बिछाया और एक डमी ग्राहक को पार्लर में भेजा गया। वहां महिलाओं को कथित तौर पर ग्राहकों के सामने पेश किया गया और अवैध यौन सेवाओं की पेशकश की गई। तय रकम का भुगतान होते ही टीम को संकेत दिया गया, जिसके बाद निगरानी कर रही पुलिस ने तुरंत छापा मार दिया।
छापेमारी के दौरान मैनेजर गणेश मुरुडकर, कैशियर आसलम शेख और हाउसकीपिंग स्टाफ स्वप्निल सावंत व सुधीरकुमार को मौके से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में स्पा की आड़ में सेक्स रैकेट चलाए जाने की पुष्टि होने पर चारों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से दो मोबाइल फोन, 33 हजार रुपये नकद और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की है। वहीं, पार्लर में काम कर रही 10 महिलाओं को रेस्क्यू कर पहले मेडिकल जांच के लिए भेजा गया, इसके बाद उन्हें बोरिवली स्थित महिला सुधार गृह में स्थानांतरित किया गया। पुलिस का कहना है कि महिलाओं को जबरन इस धंधे में धकेले जाने के पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
जांच में यह भी सामने आया है कि इस मसाज पार्लर के मुख्य संचालक सागर सत्याराम चौहान और सिमरन नामक महिला हैं, जो फिलहाल फरार हैं। दोनों को वांछित घोषित कर दिया गया है और उनकी तलाश में विशेष टीमें गठित की गई हैं।
गिरफ्तार चारों आरोपियों को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां संभव हैं।