
समाज के उत्थान के लिए सोशल वेलफेयर सेंटर का निर्माण, कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक रहे मौजूद
मुंबई, प्रतिनिधि।
चांदीवली विधानसभा क्षेत्र में सामाजिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए शिवसेना विधायक दिलीप लांडे ने श्री विश्वकर्मा भवन (सोशल वेलफेयर सेंटर) का लोकार्पण किया। यह भवन विधायक निधि से असल्फा स्थित हिमालय सोसाइटी परिसर में श्री विश्वकर्मा समाज सेवा समिति के लिए निर्मित किया गया है।
विधायक दिलीप लांडे ने बताया कि चांदीवली क्षेत्र में समाज के हर वर्ग को समान अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से वे अपने विधायक निधि के माध्यम से विभिन्न इलाकों में सोशल वेलफेयर सेंटर और सामुदायिक सुविधाओं का निर्माण करवा रहे हैं।
समाज की मांग पर हुआ निर्माण
विश्वकर्मा समाज द्वारा लंबे समय से चांदीवली इलाके में एक सामाजिक केंद्र की मांग की जा रही थी। इस मांग को गंभीरता से लेते हुए विधायक लांडे ने तुरंत पहल की और अपने फंड से श्री विश्वकर्मा समाज सेवा समिति के लिए यह भवन तैयार करवाया। इस केंद्र के माध्यम से समाज के लोगों को सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए एक स्थायी मंच मिलेगा।
भव्य उद्घाटन समारोह
लोकार्पण समारोह में वार्ड क्रमांक 164 के पार्षद हरीश भारदिगे, शाखाप्रमुख मंगेश सकपाल, विश्वकर्मा समाज के पप्पू विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमुदाय ने विधायक दिलीप ‘मामा’ लांडे का आभार व्यक्त किया और उनके प्रयासों की सराहना की।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस भवन के निर्माण से क्षेत्र में सामाजिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और जरूरतमंद वर्गों को एक सशक्त मंच उपलब्ध होगा। विधायक लांडे ने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी चांदीवली क्षेत्र के समग्र विकास के लिए ऐसे कार्य निरंतर जारी रहेंगे।