
मुंबई। मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के खंडाला घाट खंड में गैस टैंकर के पलटने से मंगलवार शाम से लगा भीषण ट्रैफिक जाम दूसरे दिन भी बरकरार है। हादसे के करीब 24 घंटे बाद भी यातायात पूरी तरह सामान्य नहीं हो सका है, जिससे हजारों यात्री परेशान हैं। दुर्घटना पुणे से मुंबई की ओर जाते समय आडोशी सुरंग के पास एक मोड़ पर हुई, जहां चालक का वाहन पर नियंत्रण खो गया और प्रोपलीन गैस से भरा टैंकर पलट गया। सुरंग के प्रवेश द्वार के पास टैंकर के पलटने से बड़ा हादसा टल गया, लेकिन गैस रिसाव के कारण पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
हादसे के बाद एहतियात के तौर पर प्रशासन ने एक्सप्रेसवे पर यातायात को आंशिक रूप से बंद कर दिया और मध्यरात्रि से केवल एक लेन से आवागमन शुरू किया गया। इसके चलते मुंबई से पुणे जाने वाले मार्ग पर एक्सप्रेसवे के साथ-साथ पुराने मुंबई-पुणे हाईवे पर भी भारी ट्रैफिक जाम लग गया। कई स्थानों पर वाहनों की कतारें 25 से 30 किलोमीटर तक फैल गईं। ड्रोन से ली गई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
यातायात पुलिस ने कलंबोली से भारी वाहनों को रोकने और किनारे लगाने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों के अनुसार स्थिति में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है, लेकिन बुधवार शाम तक जाम की समस्या बनी रहने की आशंका जताई जा रही है। करीब 24 घंटे बीत जाने के बावजूद यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। कई लोग तीन से चार घंटे तक सड़क पर फंसे रहे, जिससे काम, शिक्षा और चिकित्सा जरूरतों के लिए यात्रा करने वाले नागरिकों को भारी असुविधा हुई है।
इस घटना का सीधा असर राज्य परिवहन सेवा पर भी पड़ा है। मुंबई-पुणे के बीच चलने वाली महाराष्ट्र सरकार की प्रीमियम बस सेवा ‘शिवनेरी’ को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। अचानक बस सेवा रद्द होने से बस स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है और लोगों को वैकल्पिक साधन तलाशने में परेशानी हो रही है। एसटी महामंडल के अनुसार दादर जाने वाली 17 बसें, ठाणे की 16 और बोरीवली की 9 बसें रद्द की गई हैं। पुणे के स्वारगेट डिपो से कुल 42 बसें निरस्त होने से यात्रियों को खासा नुकसान उठाना पड़ा है।
प्रशासन के अनुसार टैंकर में मौजूद प्रोपलीन गैस अत्यधिक ज्वलनशील होने के कारण उसे तुरंत हटाना जोखिम भरा था। गैस रिसाव रोकने के प्रयास लगातार जारी हैं। टैंकर का अगला हिस्सा कंटेनर से अलग कर दिया गया है और कंटेनर को हटाने का काम शाम 6 से 7 बजे तक पूरा होने की संभावना जताई गई है।
परिवहन विभाग ने यात्रियों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी है। दक्षिण मुंबई की ओर जाने वालों के लिए ताम्हिणी घाट मार्ग और उपनगरों की ओर जाने वालों के लिए मालशेज घाट मार्ग सुझाया गया है। वहीं लोणावला-खंडाला मार्ग से यात्रा न करने की अपील की गई है। अधिकारियों ने यात्रियों को अतिरिक्त ईंधन और पानी साथ रखने की भी सलाह दी है, क्योंकि यात्रा समय तीन से पांच घंटे तक बढ़ सकता है।
परिवहन विभाग के मुताबिक, इस हादसे के बाद कुल 139 बस सेवाएं रद्द की गई हैं और 163 बसें ट्रैफिक जाम में फंसी रहीं। प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है और स्थिति सामान्य होते ही बस सेवाएं चरणबद्ध तरीके से बहाल की जाएंगी।