
‘मूड ऑफ द नेशन’ पोल में फिर टॉप पर कब्जा, बिना फिल्म रिलीज़ के भी बढ़ी लोकप्रियता
मुंबई : नए साल की शुरुआत के साथ ही बॉलीवुड की ‘क्वीन’ दीपिका पादुकोण का जलवा एक बार फिर बरकरार दिखा है। इंडिया टुडे के ‘मूड ऑफ द नेशन’ पोल में दीपिका ने लगातार 14वीं बार देश की सबसे पसंदीदा हीरोइन का खिताब अपने नाम किया है। यह उपलब्धि उनके मजबूत स्टारडम और दर्शकों के बीच कायम लोकप्रियता को दर्शाती है।
इस प्रतिष्ठित सूची में जहां अमिताभ बच्चन और दीपिका पादुकोण अपने-अपने क्षेत्रों में अडिग स्तंभ की तरह शीर्ष पर कायम हैं, वहीं दूसरे स्थान पर शाहरुख खान का नाम शामिल है। दक्षिण भारतीय सिनेमा से हिंदी फिल्मों में कदम रखने वाली रश्मिका मंदाना, साई पल्लवी और नयनतारा की रैंकिंग में भी इस बार उल्लेखनीय बढ़त दर्ज की गई है। वहीं कंगना रनौत की एंट्री ने सूची को और दिलचस्प बना दिया है।
खास बात यह है कि साल 2025 में दीपिका पादुकोण की कोई बड़ी फिल्म रिलीज़ नहीं हुई, इसके बावजूद उनकी लोकप्रियता में कमी नहीं आई। बल्कि वे चर्चाओं के केंद्र में बनी रहीं और कई अहम मुद्दों पर देशभर में बहस का विषय भी बनीं। रिस्पॉन्स आधारित इस पोल में उनकी रेटिंग पिछले साल के 8.2 से बढ़कर 10.7 तक पहुंच गई, जो उनके प्रभाव और फैन फॉलोइंग को दर्शाता है।
आने वाले समय में दीपिका के दो बड़े प्रोजेक्ट्स की घोषणा भी हो चुकी है, जिन्हें इंडस्ट्री की सबसे बड़ी फिल्मों में गिना जा रहा है। इनमें शाहरुख खान के साथ फिल्म ‘किंग’ और अल्लू अर्जुन के साथ निर्देशक एटली की अगली मेगा फिल्म शामिल है। इन प्रोजेक्ट्स के चलते भी दीपिका लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं और दर्शकों की उम्मीदें उनसे और बढ़ गई हैं।
लगातार 14वीं बार नंबर-1 बनने का यह सिलसिला साबित करता है कि दीपिका पादुकोण आज भी भारतीय सिनेमा की सबसे प्रभावशाली और लोकप्रिय अभिनेत्री बनी हुई हैं।