दादर में टैक्सी चालकों की ठगी का भंडाफोड़, 7 आरोपी गिरफ्तार


कुछ किलोमीटर के सफर के लिए वसूले 1800–2000 रुपये, 4 टैक्सियां जब्त; 98 फेरीवालों पर भी हुई कार्रवाई

मुंबई : महाराष्ट्र की राजधानी और देश की आर्थिक नगरी मुंबई में यात्रियों से टैक्सी चालकों द्वारा ठगी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। माटुंगा पुलिस ने दादर रेलवे स्टेशन पूर्व इलाके में यात्रियों से अधिक किराया वसूलने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो टैक्सी चालकों समेत कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस मामले में इस्तेमाल की गई 4 टैक्सियां भी जब्त कर ली हैं।

पुलिस के अनुसार, 24 से 26 जनवरी के बीच दादर रेलवे स्टेशन पूर्व के पास दो यात्रियों से ठगी की घटना सामने आई थी। आरोप है कि टैक्सी चालकों और उनके साथियों ने यात्रियों से कुछ ही दूरी के सफर के लिए क्रमशः 1800 और 2000 रुपये वसूले। शिकायत मिलने के बाद माटुंगा पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। साथ ही ठगी से संबंधित रकम और वाहन भी जब्त किए गए हैं।

मुंबई में कई जगहों पर टैक्सी चालकों की मनमानी लंबे समय से चर्चा में रही है। कई बार चालक मीटर बंद रखकर यात्रियों से मनमाना किराया वसूलते हैं। परिवहन विभाग द्वारा कार्रवाई के निर्देश दिए जाने के बावजूद यह समस्या लगातार बनी हुई है। दादर ईस्ट इलाके में कुछ टैक्सी चालकों द्वारा बार-बार ऐसे मामलों को अंजाम देने की जानकारी भी पुलिस के पास पहले से थी।

इधर, दादर रेलवे स्टेशन पूर्व, माटुंगा स्टेशन परिसर और माहेश्वरी उद्यान सर्कल इलाके में अवैध फेरीवालों के खिलाफ भी व्यापक कार्रवाई की गई। बीएमसी के एफ-नॉर्थ वार्ड के साथ संयुक्त अभियान चलाते हुए कुल 98 फेरीवालों पर कार्रवाई की गई और दादर रेलवे स्टेशन पूर्व क्षेत्र को अवैध फेरीवालों से मुक्त कराया गया।

Related posts

दोस्ती बनी दुश्मनी का कारण, 15 वर्षीय किशोर ने 17 साल के साथी की ली जान

उद्धव ठाकरे को लोकसभा में बड़ा झटका! छह सांसदों ने बनाया अलग गुट, शिंदे सेना में विलय की अटकलों से सियासत गरम

BEST कर्मचारियों की आर-पार की लड़ाई, आज से अनिश्चितकालीन आंदोलन का ऐलान