
मुंबई: चुनाव के बाद पी/नॉर्थ वार्ड में अवैध निर्माणों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए सहायक मनपा आयुक्त कुंदन वलवी और जोन-4 की डीएमसी भाग्यश्री कापसे के नेतृत्व में शुक्रवार को मार्वे रोड और मलाड लिंक रोड इलाके में बड़े पैमाने पर तोड़फोड़ की कार्रवाई की गई.
वार्ड अधिकारी कुंदन वलवी के आदेश पर बीएमसी के तोड़क दस्ते ने दो अलग-अलग टीमों के माध्यम से यह अभियान चलाया. पहली टीम का नेतृत्व असिस्टेंट इंजीनियर राजेश सोनावने और सब-इंजीनियर सुहास घोलप कर रहे थे, ने मार्वे रोड स्थित साईं कृपा नगर में बने करीब 40 अवैध निर्माणों को जमींदोज किया.
दूसरी टीम के असिस्टेंट इंजीनियर विजय मानकर और सब-इंजीनियर प्रशांत तावड़े के नेतृत्व में मालाड लिंक रोड के वनलाई इलाके में बने लगभग 30 अवैध स्ट्रक्चर को तोड़ दिया. बताया गया है कि ये सभी निर्माण बीएमसी चुनाव के दौरान अधिकारियों की व्यस्तता का फायदा उठाकर बनाए गए थे.
इस संयुक्त कार्रवाई में 4 जेसीबी मशीनें, 30 मजदूर और करीब 10 बीएमसी अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल थे. सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो. जोन-4 की डीएमसी भाग्यश्री कापसे ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “पी/नॉर्थ वार्ड में अवैध निर्माण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे. इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी.”