Home राजनीतिराज्यउत्तर प्रदेशचित्रकूट में शादी से पहले दुल्हन फरार: ब्यूटी पार्लर से प्रेमी संग भागी, परिवार ने दर्ज कराया अपहरण का मामला

चित्रकूट में शादी से पहले दुल्हन फरार: ब्यूटी पार्लर से प्रेमी संग भागी, परिवार ने दर्ज कराया अपहरण का मामला

by trilokvivechana
0 comments
प्रेमी के साथ शादी का वीडियो जारी किया प्रेमिका ने

वीडियो जारी कर युवती ने जबरन शादी कराने का लगाया आरोप, पुलिस ने तलाश शुरू की

उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले के कर्वी कोतवाली क्षेत्र में शादी से एक दिन पहले दुल्हन के प्रेमी के साथ फरार होने की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। जिस घर में शादी की तैयारियां जोरों पर चल रही थीं, वहां अचानक इस घटना से अफरा-तफरी मच गई। युवती के पिता ने प्रेमी समेत तीन लोगों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराया है, जबकि युवती ने खुद वीडियो जारी कर अपने परिजनों पर जबरन शादी कराने का आरोप लगाया है और पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।

यह मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के छपरा माफी गांव का बताया जा रहा है। यहां रहने वाली 25 वर्षीय दिव्या की शादी मानिकपुर क्षेत्र के नागर गांव निवासी धनंजय नामक युवक से तय की गई थी। 12 फरवरी को बारात आनी थी और घर पर शादी की तैयारियां अंतिम चरण में थीं। 10 फरवरी से शादी की रस्में शुरू होनी थीं और मंडप कार्यक्रम की तैयारी भी चल रही थी।

इसी बीच 9 फरवरी को दिव्या के पिता उसे और उसकी छोटी बहन को मेकअप कराने के लिए सीतापुर कस्बे के एक ब्यूटी पार्लर ले गए थे। बताया जा रहा है कि दिव्या मेकअप कराने के बाद पार्लर से बाहर निकल आई, जबकि उसकी छोटी बहन अंदर ही थी। इसी दौरान मौके का फायदा उठाकर वह अपने प्रेमी आदित्य सिंह चौहान के साथ कार में बैठकर वहां से निकल गई।

परिजनों के अनुसार, जब पिता ने उसे भागते हुए देखा तो उन्होंने रोकने की कोशिश की, लेकिन तब तक वह वहां से जा चुकी थी। इसके बाद परिजनों ने कर्वी कोतवाली पहुंचकर प्रेमी आदित्य सिंह चौहान, शिवेंद्र और गरिमा दीक्षित के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया। परिवार का आरोप है कि युवती को बहला-फुसलाकर भगाया गया है।

दूसरी ओर, युवती ने अपने प्रेमी के साथ एक वीडियो जारी कर अलग ही कहानी सामने रखी है। वीडियो में उसने कहा कि वह अपनी मर्जी से गई है और उसके परिजन उसकी शादी एक उम्रदराज व्यक्ति से जबरन कराना चाहते थे। उसने यह भी आरोप लगाया कि परिवार की ओर से उस पर मानसिक दबाव बनाया जा रहा था। युवती ने पुलिस से अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी अपील की है।

बताया जा रहा है कि दिव्या ने प्रयागराज में आर्य समाज की रीति-रिवाज के अनुसार अपने प्रेमी आदित्य सिंह चौहान से शादी कर ली है। इस शादी की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिससे मामले ने और तूल पकड़ लिया है।

पुलिस का कहना है कि मामले में दोनों पक्षों के बयान के आधार पर जांच की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि युवती को जल्द बरामद कर न्यायालय के समक्ष उसका बयान दर्ज कराया जाएगा, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है, क्योंकि जिस घर में अगले दिन बारात आने वाली थी, वहां अचानक दुल्हन के फरार हो जाने से परिवार के साथ-साथ स्थानीय लोग भी हैरान हैं।

You may also like

Leave a Comment

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?
-
00:00
00:00
Update Required Flash plugin
-
00:00
00:00