
फिल्म प्रमोशन के दौरान पूछे गए सवाल पर अभिनेत्री की चुटीली प्रतिक्रिया, सोशल मीडिया पर बहस तेज
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री तापसी पन्नू इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘अस्सी’ के प्रमोशन में व्यस्त हैं। इसी सिलसिले में एक न्यूज चैनल के कार्यक्रम में पहुंचीं तापसी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने इंटरनेट पर नई बहस छेड़ दी है।
कार्यक्रम के दौरान एंकर ने अभिनेत्री को देश के दो प्रमुख नेताओं—नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी—की तस्वीरें दिखाते हुए सवाल किया कि उनका पसंदीदा राजनेता कौन है। इस पर तापसी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर को हाथ जोड़कर प्रणाम किया और मुस्कराते हुए कहा, “मुझे अभी भी इस देश में रहना है।”
अभिनेत्री का यह जवाब सुनते ही स्टूडियो में मौजूद लोग हंस पड़े, वहीं सोशल मीडिया पर इस बयान की अलग-अलग तरह से व्याख्या की जा रही है। कुछ यूजर्स इसे उनका हाजिरजवाबी भरा और व्यंग्यात्मक अंदाज बता रहे हैं, तो कुछ इसे राजनीतिक संकेत मानकर चर्चा कर रहे हैं।
वीडियो सामने आने के बाद फिल्म से ज्यादा अभिनेत्री का यह बयान सुर्खियों में है। हालांकि तापसी या उनकी टीम की ओर से इस पर कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन इतना तय है कि प्रमोशन के बीच दिया गया यह जवाब चर्चा का केंद्र बन गया है।