Home राजनीतिअंतरराष्ट्रीयरमजान के पहले दिन पाकिस्तान में भीषण विस्फोट, 16 की मौत, 14 घायल

रमजान के पहले दिन पाकिस्तान में भीषण विस्फोट, 16 की मौत, 14 घायल

by trilokvivechana
0 comments

पाकिस्तान में रमजान के पहले ही दिन एक भीषण हादसे में 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य घायल हो गए। सिलिंडर गैस रिसाव से हुआ यह विस्फोट गुरुवार (19 फरवरी) सुबह कराची की एक आवासीय इमारत में हुआ। मृतकों में महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल हैं। विस्फोट के बाद इमारत का बड़ा हिस्सा ढह गया, जिससे नुकसान और बढ़ गया।

सुबह साढ़े चार बजे हुआ हादसा

पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब साढ़े चार बजे कराची के सोल्जर बाजार इलाके की एक रिहायशी इमारत में तेज धमाका हुआ। स्थानीय पुलिस अधिकारी जमशेद अशहर ने मीडिया को बताया कि रमजान का पवित्र महीना शुरू होने के कारण कई लोग उस समय जाग रहे थे। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि सिलिंडर गैस के रिसाव के कारण यह विस्फोट हुआ।

मलबे में दबे होने की आशंका

घटना के तुरंत बाद पुलिस और अग्निशमन दल ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। अब तक 14 शव मलबे से निकाले जा चुके हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। अधिकारियों ने आशंका जताई है कि कुछ लोग अब भी मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, विस्फोट के बाद पहले से जर्जर हालत में मौजूद इमारत का स्लैब गिर गया, जिससे हादसा और भयावह हो गया।

मृतकों में बच्चे और महिलाएं

इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों में 9 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बच्चे भी शामिल हैं। कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उल्लेखनीय है कि पिछले महीने भी कराची में एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में आग लगने से 79 लोगों की मौत हो गई थी। उस घटना के बाद यह शहर में हुई दूसरी बड़ी त्रासदी है।

You may also like

Leave a Comment

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?
-
00:00
00:00
Update Required Flash plugin
-
00:00
00:00