
मुंबई : कैंसर को लेकर समाज में फैले डर और भ्रम को दूर करने तथा समय पर जांच और इलाज के महत्व को रेखांकित करने के उद्देश्य से Nanavati Max Super Speciality Hospital ने एक विशेष प्रेरक कार्यक्रम का आयोजन किया। अस्पताल के इंस्टीट्यूट ऑफ कैंसर केयर की पहल पर होटल ताजलैंड में आयोजित इस कार्यक्रम की थीम थी — “कैंसर सिर्फ एक अल्पविराम है, पूर्ण विराम नहीं।” कार्यक्रम में 100 से अधिक कैंसर सर्वाइवर्स, उनके परिजन, केयरगिवर्स और चिकित्सक शामिल हुए। इस अवसर पर लोकप्रिय फिल्मकार Rajkumar Hirani भी मौजूद रहे। उन्होंने सर्वाइवर्स से संवाद किया और अपने अनुभव साझा करते हुए उन्हें सकारात्मक सोच बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
इस भावनात्मक और उत्साहवर्धक शाम का मुख्य आकर्षण “सर्वाइवर्स की डायरियां” रहीं। कैंसर से जंग जीत चुके लोगों ने इलाज और रिकवरी के दौरान के अपने अनुभव साझा किए। उनकी कहानियों ने उपस्थित लोगों को भावुक भी किया और हौसला भी दिया। संगीतकार जगदीश लालवानी के विशेष संगीत कार्यक्रम ने माहौल को और जीवंत बना दिया। अस्पताल के वाइस चेयरमैन तथा ऑन्कोलॉजी लीड डॉ. गणेश नागराजन ने कहा कि हर कैंसर सर्वाइवर की कहानी समाज के लिए प्रेरणा है। उनके अनुसार, समय पर जांच, सही इलाज और विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख से कैंसर का सफल उपचार संभव है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन लोगों में जागरूकता बढ़ाने और मरीजों को मानसिक मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
यूरोलॉजिक और गायनेकोलॉजिक ऑन्कोसर्जरी विभाग के प्रमुख डॉ. हेमंत तनगांवकर ने कहा कि कैंसर को लेकर कई तरह की भ्रांतियां आज भी मौजूद हैं। ऐसे कार्यक्रम यह संदेश देते हैं कि कैंसर भी अन्य बीमारियों की तरह एक चिकित्सा स्थिति है, जिसका समय पर निदान और उपचार किया जाए तो सकारात्मक परिणाम मिल सकते हैं। कार्यक्रम में शामिल 54 वर्षीय कैंसर सर्वाइवर सुनील रोड्रिज ने भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि दो वर्ष पहले इसी अस्पताल में उनका सफल इलाज हुआ था। उनके अनुसार, उपचार के दौरान डॉक्टरों पर भरोसा रखना और उनकी सलाह का पूरी तरह पालन करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि कैंसर से लड़ाई में चिकित्सकों की विशेषज्ञ टीम और मरीज का आत्मविश्वास सबसे बड़ी ताकत होती है।
नानावटी मैक्स इंस्टीट्यूट ऑफ कैंसर केयर देश के प्रमुख कैंसर उपचार केंद्रों में गिना जाता है। यहां कीमोथेरेपी और टार्गेटेड थेरेपी के साथ आधुनिक रोबोटिक सर्जरी, उच्च सटीकता वाली रेडियोथेरेपी और इम्यून आधारित उपचार पद्धतियां उपलब्ध हैं। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि प्रमाण आधारित और व्यक्तिगत जरूरतों के अनुरूप उपचार प्रदान करना उनकी प्राथमिकता है। इस आयोजन ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि कैंसर अंत नहीं, बल्कि एक चुनौती है, जिसे सही समय पर पहचान और उपचार के जरिए हराया जा सकता है।