Home ताजा खबरआरपीएफ की बड़ी कार्रवाई: अवध एक्सप्रेस के जनरल कोच से 13.83 करोड़ की ड्रग्स बरामद

आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई: अवध एक्सप्रेस के जनरल कोच से 13.83 करोड़ की ड्रग्स बरामद

by trilokvivechana
0 comments


मुंबई। बांद्रा टर्मिनस पर खड़ी अवध एक्सप्रेस के एक जनरल डिब्बे से गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने लावारिस बैग में रखी भारी मात्रा में संदिग्ध मादक पदार्थ जब्त किए हैं। बरामद सामग्री की अनुमानित कीमत लगभग 13.83 करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक शनिवार सुबह करीब 6 बजे ट्रेन की नियमित मेंटेनेंस जांच (ईएमसी) के दौरान ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल मुकेश मंगावा और संविदा कर्मी लॉकमैन अल्ताफ की नजर ट्रेन के पिछले हिस्से में स्थित जीएस (जनरल सेकेंड क्लास) कोच में पड़े एक संदिग्ध काले बैग पर पड़ी। बैग असामान्य रूप से भारी था और आसपास कोई दावेदार मौजूद नहीं था।
संदेह के आधार पर बैग को कोच से उतारकर प्लेटफॉर्म पर लाया गया और प्रारंभिक जांच की गई। बैग खोलने पर कपड़ों के बीच भूरे रंग के टेप से लिपटे कई पैकेट बरामद हुए। पैकेटों की बनावट और पैकिंग देखकर मादक पदार्थ होने की आशंका जताई गई।
तत्काल प्रभाव से मामले की सूचना आरपीएफ के ड्यूटी अधिकारी तथा बांद्रा जीआरपी को दी गई। सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और सभी पैकेटों को कब्जे में लेकर विस्तृत जांच शुरू की। प्रारंभिक आकलन के अनुसार बरामद ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 13.83 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बैग किस व्यक्ति का है और यह खेप किसे सप्लाई की जानी थी। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
जीआरपी अधिकारियों का कहना है कि रेलवे परिसर में अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और इस तरह की तस्करी के प्रयासों को विफल करने के लिए विशेष अभियान जारी रहेंगे।

You may also like

Leave a Comment

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?
-
00:00
00:00
Update Required Flash plugin
-
00:00
00:00