
मुंबई। मुंबई की महापौर रितु तावड़े ने शनिवार को घाटकोपर स्थित राजावाड़ी अस्पताल का अचानक दौरा कर वहां दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों में पहुंचकर मरीजों और उनके परिजनों से सीधे संवाद किया तथा व्यवस्थाओं के बारे में विस्तृत जानकारी ली।
महापौर ने अस्पताल में चल रहे रीडेवलपमेंट प्रोजेक्ट के प्रथम चरण के कार्यों का भी अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण कार्य के दौरान मरीजों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए निर्देश दिया कि पूरे निर्माण क्षेत्र को समुचित रूप से ढंका जाए और धूल प्रदूषण को रोकने के लिए तत्काल प्रभाव से प्रभावी उपाय किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने महिला वार्ड, प्रसूति (मैटरनिटी) वार्ड, पुरुष वार्ड, एंटीनेटल यूनिट, पीडियाट्रिक विभाग तथा सर्जरी वार्ड का दौरा किया। कई मरीजों ने उन्हें बताया कि कुछ दवाएं बाहर से खरीदनी पड़ रही हैं। इस पर महापौर ने दवाओं और टीकों की उपलब्धता से संबंधित स्टॉक एवं वितरण रजिस्टर की जांच की।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि आवश्यक दवाओं और टीकों का पर्याप्त भंडार हर समय उपलब्ध रहना चाहिए। दवा आपूर्ति में यदि किसी स्तर पर बाधा आ रही है तो उसकी विस्तृत रिपोर्ट तत्काल प्रस्तुत की जाए। साथ ही गंभीर बीमारियों में उपयोग होने वाले इंजेक्शनों की आपूर्ति में देरी पर चिंता व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों की शीघ्र बैठक बुलाने के निर्देश भी दिए।
महापौर ने कहा कि नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराना नगर प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है, और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।