Home ताजा खबरनागपुर में बारूद फैक्ट्री में भीषण धमाका, 17 की मौत; कई मजदूर जिंदगी की जंग लड़ रहे

नागपुर में बारूद फैक्ट्री में भीषण धमाका, 17 की मौत; कई मजदूर जिंदगी की जंग लड़ रहे

by trilokvivechana
0 comments

महाराष्ट्र के नागपुर जिले के काटोल क्षेत्र में स्थित बारूद निर्माण इकाई में हुए भीषण विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। हादसे में अब तक 17 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 17 से अधिक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं। घायलों को तत्काल उपचार के लिए नागपुर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत नाजुक बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार, जिस कंपनी में यह हादसा हुआ उसका नाम SBL एनर्जी है। फैक्ट्री में विस्फोटक सामग्री तैयार की जा रही थी, तभी अचानक जोरदार धमाका हुआ। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास के गांवों तक इसकी आवाज सुनी गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विस्फोट के तुरंत बाद परिसर में भीषण आग भड़क उठी और अफरा-तफरी मच गई।

नागपुर ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार ने बताया कि विस्फोट के कारण फैक्ट्री का एक बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। राहत एवं बचाव दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटे हैं। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

राज्य के पालक मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। जिला कलेक्टर समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा ले रहे हैं।

फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। विस्फोटक सामग्री होने के कारण आग बुझाने में विशेष सावधानी बरती जा रही है। बचावकर्मियों ने अब तक 17 शव बरामद किए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि धमाके के बाद कुछ मजदूर जान बचाकर बाहर निकल आए, लेकिन कई कर्मचारी अंदर ही फंस गए और लपटों की चपेट में आ गए।

प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। प्रारंभिक जांच में सुरक्षा मानकों और विस्फोट के कारणों की पड़ताल की जा रही है। यह हादसा एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर गया है।

You may also like

Leave a Comment

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?
-
00:00
00:00
Update Required Flash plugin
-
00:00
00:00