मुंबई: पिछले दो दिनों से पूरे देश में रंगपंचमी का त्योहार बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। मुंबई, ठाणे और नवी मुंबई में होली का पर्व मंगलवार को मनाया गया, जबकि उत्तर भारत में बुधवार को होली का उत्सव मनाया गया। समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने अपनी-अपनी परंपरा और मान्यता के अनुसार यह पर्व मनाया।
मुंबई, नवी मुंबई, ठाणे और पालघर के उत्तर भारतीय बहुल इलाकों में बुधवार को होली धूमधाम से मनाई गई। जगह-जगह फगुआ गीत गाए गए और भांग की ठंडई के साथ लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।
इसी क्रम में घनसोली और म्हापे स्थित आदिवासी पारधी समाज की बस्तियों में मुंबई नवी मुंबई आदिवासी पारधी महासंघ के अध्यक्ष संतोष एकनाथ पवार ने बच्चों के साथ अनोखे अंदाज में होली मनाई। इस अवसर पर समाज को शिक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बच्चों द्वारा नुक्कड़ नाटक का भी आयोजन किया गया।
मुंबई और नवी मुंबई आदिवासी पारधी महासंघ के अध्यक्ष संतोष एकनाथ पवार ने समाज के बच्चों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रंगपंचमी हमारे देश का एक महत्वपूर्ण पर्व है। गुलाल और अबीर लगाकर हम समाज में एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं।
इस अवसर पर संतोष एकनाथ पवार ने आदिवासी पारधी समाज के बच्चों को मिठाई खिलाकर उनका मुंह मीठा कराया और सभी को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।