भिवंडी क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, तीन वाहन चोर गिरफ्तार, 41 मामलों का खुलासा, 58 चोरी के दोपहिया वाहन जब्त

भिवंडी: ठाणे पुलिस आयुक्तालय क्षेत्र में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं के बीच भिवंडी क्राइम ब्रांच ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके गिरोह का भंडाफोड़ किया है। आरोपियों के पास से 58 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 10 लाख 60 हजार रुपये बताई जा रही है। इस कार्रवाई से 41 चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है।

भिवंडी में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त अमरसिंह जाधव ने बताया कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और महाराष्ट्र के विभिन्न जिलों में चोरी के वाहन बेचकर मुनाफा कमा रहा था। पुलिस को वाहन चोरी की कई घटनाओं की जांच के दौरान इस गिरोह के बारे में जानकारी मिली थी।

क्राइम ब्रांच के कांस्टेबल साबिर शेख को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाया। सहायक पुलिस निरीक्षक शेखर बागडे ने वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शीतल राउत के मार्गदर्शन में अपनी टीम के साथ मिलकर कार्रवाई की। इसके बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गणेश उर्फ गनु राजू मोरे (21), निवासी खोनी गांव, डोंबिवली, साहेब अली उर्फ छोटू सुल्तान अली शेख (19), निवासी कामतघर, भिवंडी और सुनील उर्फ बाला शंकर राठौड़ (20), निवासी टेमघर, भिवंडी के रूप में हुई है।

पुलिस जांच में सामने आया कि साहेब अली एक गैराज में काम करता था और दोपहिया वाहनों की मरम्मत में माहिर था। वह अपनी तकनीकी जानकारी का इस्तेमाल कर वाहनों की चोरी करता था। इसके बाद गणेश और सुनील इन चोरी के वाहनों को अलग-अलग जिलों में बेच देते थे।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल हैं। इस कार्रवाई को भिवंडी क्राइम ब्रांच की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

Related posts

‘चोरी का पानी, सूखे नल’-कल्याण-डोंबिवली में जल संकट पर बवाल

सरकारी कर्मचारियों के आंदोलन का असर, मुंबई के अस्पतालों में सेवाएं आंशिक रूप से प्रभावित

बारामती उपचुनाव: प्रचार के अंतिम दिन महायुति का शक्ति प्रदर्शन, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सुनेत्रा अजित पवार के लिए मांगा समर्थन