Home ताजा खबरमुंबई में ड्रग्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 10 आरोपी गिरफ्तार, 10.14 करोड़ की नशीली सामग्री जब्त

मुंबई में ड्रग्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 10 आरोपी गिरफ्तार, 10.14 करोड़ की नशीली सामग्री जब्त

by trilokvivechana
0 comments

मुंबई। महानगर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुंबई एंटी नार्कोटिक्स सेल (एएनसी) ने एक के बाद एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन अभियानों में पुलिस ने लगभग 10.14 करोड़ रुपये मूल्य की विभिन्न प्रकार की ड्रग्स बरामद की हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई शहर के अलग-अलग इलाकों में समन्वित तरीके से की गई। वर्ली एएनसी ने वडाला क्षेत्र से एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से 214 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) जब्त किया, जिसकी कीमत करीब 54.50 लाख रुपये बताई जा रही है। वहीं विलेपार्ले इलाके से एक अन्य व्यक्ति को 7.690 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया गया।

आजाद मैदान एएनसी यूनिट ने भी अहम कार्रवाई करते हुए वडाला से एक व्यक्ति को 20.700 किलो गांजा के साथ पकड़ा, जबकि नागपाड़ा क्षेत्र से एक आरोपी को 117 ग्राम एमडी के साथ गिरफ्तार किया गया।

कांदिवली एएनसी ने गोरेगांव इलाके में छापेमारी कर दो आरोपियों को कुल 159 ग्राम एमडी के साथ दबोचा। इसके अलावा अंधेरी पश्चिम से एक आरोपी को 18 ग्राम एमडी तथा माहिम क्षेत्र से एक अन्य आरोपी को 104 ग्राम एमडी के साथ गिरफ्तार किया गया।

बांद्रा एएनसी ने भारत नगर इलाके में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 163 ग्राम एमडी के साथ पकड़ा। वहीं घाटकोपर एएनसी ने मालवणी क्षेत्र से एक व्यक्ति को 123 ग्राम एमडी के साथ गिरफ्तार किया।

इस व्यापक अभियान में शहर के कई संवेदनशील इलाकों को कवर किया गया, जिससे यह साफ संकेत मिलता है कि पुलिस नशे के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए सख्त रुख अपना रही है।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई अंजाम दी गई। सह पुलिस आयुक्त (अपराध) लखमी गौतम, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेश बालकवडे और पुलिस उपायुक्त (एंटी नार्कोटिक्स सेल) के निर्देशन में विभिन्न इकाइयों ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। इसमें घाटकोपर एएनसी के प्रभारी पुलिस निरीक्षक अनिल ढोले, कांदिवली एएनसी के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक शशिकांत जगदाले, आजाद मैदान एएनसी के प्रभारी पुलिस निरीक्षक शैलेश सूर्यवंशी, वर्ली एएनसी के प्रभारी पुलिस निरीक्षक संतोष सालुंखे और बांद्रा एएनसी के प्रभारी पुलिस निरीक्षक विशाल चंदनशिवे की टीमों ने अहम भूमिका निभाई।

पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई केवल शुरुआत है और आने वाले दिनों में ड्रग्स तस्करों के खिलाफ और भी सख्त कदम उठाए जाएंगे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मुंबई को नशामुक्त बनाने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।

You may also like

Leave a Comment

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?
-
00:00
00:00
Update Required Flash plugin
-
00:00
00:00