
मुंबई। महानगर की यातायात व्यवस्था को आधुनिक और सुगम बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस मंगलवार को बहुप्रतीक्षित ड्राइवरलेस पॉड टैक्सी परियोजना का शिलान्यास करेंगे। यह अत्याधुनिक परियोजना शहर के व्यस्ततम कारोबारी क्षेत्र बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स में शुरू की जा रही है, जिससे रोजाना हजारों यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
परियोजना के पहले चरण में पॉड टैक्सी सेवा कुर्ला और बांद्रा ईस्ट के बीच शुरू होगी। करीब 3.36 किलोमीटर लंबे इस रूट पर कुल 8 स्टेशन बनाए जाएंगे। इनमें बांद्रा ईस्ट, कलानगर, एमएमआरडीए पुरानी इमारत, एक्साइज विभाग, भारत डायमंड बोर्स गेट 11, एमएमआरडीए पे एंड पार्क, एलबीएस मार्ग और कुर्ला स्टेशन शामिल हैं। यह रूट विशेष रूप से बीकेसी में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए तेज और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प बनेगा।
भविष्य की योजना के तहत इस परियोजना को वर्ष 2031 तक 8.85 किलोमीटर तक विस्तारित किया जाएगा, जिसमें कुल 22 स्टेशन होंगे। शुरुआती प्रस्ताव में 38 स्टेशन शामिल थे, लेकिन बाद में इसे व्यावहारिकता के आधार पर घटाया गया। साथ ही बीकेसी क्षेत्र में सर्कुलर लूप विकसित किया जाएगा, जिससे यात्रियों को अपनी सुविधा के अनुसार रूट चुनने का विकल्प मिलेगा और यात्रा का समय भी कम होगा।
इस स्मार्ट ट्रांजिट सिस्टम की एक खास विशेषता यह है कि हर 200 मीटर पर वातानुकूलित स्टेशन उपलब्ध होंगे। प्रत्येक पॉड में एक बार में छह यात्री सफर कर सकेंगे। यह टैक्सी लगभग 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी। अनुमान है कि वर्ष 2031 तक रोजाना करीब 1.09 लाख यात्री इस सेवा का लाभ उठाएंगे। किराया लगभग 21 रुपये प्रति किलोमीटर रहने की संभावना जताई गई है।
करीब 1,016 करोड़ रुपये की लागत वाली यह परियोजना वर्ष 2027 तक शुरू होने की उम्मीद है। पूरी तरह चालक रहित यह पॉड टैक्सी 8 मीटर ऊंचे खंभों पर बने संकरे एलिवेटेड ट्रैक पर संचालित होगी, जिससे सड़क यातायात पर कोई अतिरिक्त दबाव नहीं पड़ेगा।
आकार में कॉम्पैक्ट यह पॉड टैक्सी 3.5 मीटर लंबी, 1.47 मीटर चौड़ी और 1.8 मीटर ऊंची होगी, जिससे इसे भीड़भाड़ वाले शहरी ढांचे में आसानी से संचालित किया जा सकेगा।
मुंबई जैसे व्यस्त शहर में यह परियोजना न केवल यात्रा को तेज और आरामदायक बनाएगी, बल्कि भविष्य के स्मार्ट ट्रांसपोर्ट की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी साबित होगी।