Home ताजा खबरअंधेरी में ‘मिनी फैक्ट्री’ से 30 करोड़ का ड्रग्स रैकेट बेनकाब

अंधेरी में ‘मिनी फैक्ट्री’ से 30 करोड़ का ड्रग्स रैकेट बेनकाब

by trilokvivechana
0 comments


13 हजार किराए के कमरे में चल रहा था एमडी का बड़ा खेल, मुख्य सरगना गिरफ्तार
मुंबई
। महानगर के अंधेरी इलाके से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक मामूली किराए के कमरे को करोड़ों के ड्रग्स कारोबार का अड्डा बना दिया गया था। सहार रोड स्थित भास्कर चाल में महज 13,000 रुपये मासिक किराए पर लिए गए कमरे से सिंथेटिक ड्रग्स (एमडी) बनाने की अवैध फैक्ट्री संचालित की जा रही थी, जिसका खार पुलिस ने भंडाफोड़ किया है।
इस कार्रवाई में पुलिस ने कुख्यात तस्कर मोहम्मद आरिफ मोहम्मद इलियास शेख (44) को गिरफ्तार किया है, जो पहले से गुजरात पुलिस की गिरफ्त से फरार चल रहा था। जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी ने छोटे से कमरे में ही ड्रग्स निर्माण का पूरा सेटअप तैयार कर रखा था और हर महीने 25 से 30 करोड़ रुपये तक का माल तैयार कर अलग-अलग नेटवर्क के जरिए सप्लाई करता था।
गश्त के दौरान पकड़ में आया आरोपी
पुलिस के मुताबिक, नियमित गश्त के दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर आरोपी को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 15.44 ग्राम एमडी ड्रग्स और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर अंधेरी स्थित ठिकाने पर छापा मारा गया, जहां से भारी मात्रा में रसायन और उपकरण जब्त किए गए।
नेटवर्क में कई राज्यों की कड़ी
जांच में सामने आया है कि इस रैकेट के तार मुंबई से बाहर भी जुड़े हुए हैं। इस सिलसिले में एक अन्य आरोपी रिजवान अहमद लियाकत अली को उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को आशंका है कि यह गिरोह बड़े स्तर पर सक्रिय है और इसमें कई अन्य लोग शामिल हो सकते हैं।
पत्नी संभाल रही थी काले धन का हिसाब
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी की पत्नी नसरीन ड्रग्स से अर्जित धन को संभालती थी। उसके बैंक खाते में जमा 26 लाख रुपये को फ्रीज़ कर दिया गया है।
पहले से दर्ज हैं कई मामले
मोहम्मद आरिफ शेख पर 15 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। गुजरात में एक ड्रग्स केस में उसे 10 साल की सजा भी सुनाई जा चुकी है। वर्ष 2023 में पैरोल पर छूटने के बाद वह फरार हो गया था और मुंबई में सक्रिय होकर इस अवैध कारोबार को संचालित कर रहा था।
इस सनसनीखेज खुलासे के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच जारी है।

You may also like

Leave a Comment

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?
-
00:00
00:00
Update Required Flash plugin
-
00:00
00:00