संगम नगरी में आस्था का सैलाब, भव्य हनुमंत कलश यात्रा से गूंजा प्रयागराज

प्रयागराज। संगम नगरी में सोमवार को आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की राष्ट्र हनुमंत कथा के शुभारंभ से पहले भव्य दिव्य कलश यात्रा निकाली गई। पूरे शहर में भगवा रंग की छटा बिखरी रही और “जय सियाराम” व “हनुमंत लाल की जय” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. उदय प्रताप सिंह ने विधिवत पूजन और हनुमान जी की आरती के साथ यात्रा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर लोकप्रिय धारावाहिक रामायण के कलाकार और सांसद अरुण गोविल, दीपिका चिखलिया और सुनील लहरी का भव्य स्वागत पुष्प वर्षा और आरती के साथ किया गया। अरुण गोविल ने कहा कि जिस पर हनुमान जी की कृपा होती है, उस पर स्वतः ही प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद प्राप्त होता है।
कलश यात्रा में हजारों महिलाओं ने पीले वस्त्र धारण कर सिर पर मंगल कलश उठाए और विश्व कल्याण की कामना की। यात्रा मार्ग पर विभिन्न सामाजिक और व्यापारिक संगठनों ने श्रद्धालुओं पर फूल बरसाकर उनका अभिनंदन किया। शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां, मृदंग की थाप, बैंड-बाजे, घुड़सवार दल और हनुमान व गणेश के सजीव रूप विशेष आकर्षण का केंद्र बने रहे।
यात्रा जमुना क्रिश्चियन इंटर कॉलेज से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई श्री पथरचट्टी रामलीला कमेटी प्रांगण में हनुमान जी की भव्य आरती के साथ संपन्न हुई।
प्रयाग उत्थान समिति के पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि 21 अप्रैल को अरैल माघ मेला क्षेत्र में दोपहर 3 बजे राष्ट्र हनुमंत कथा का औपचारिक शुभारंभ किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता देखने को मिली।

Related posts

‘चोरी का पानी, सूखे नल’-कल्याण-डोंबिवली में जल संकट पर बवाल

सरकारी कर्मचारियों के आंदोलन का असर, मुंबई के अस्पतालों में सेवाएं आंशिक रूप से प्रभावित

बारामती उपचुनाव: प्रचार के अंतिम दिन महायुति का शक्ति प्रदर्शन, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सुनेत्रा अजित पवार के लिए मांगा समर्थन