ढाकर रोड पर तड़के हुई भीषण गोलीबारी में स्वाट टीम प्रभारी सहित दो पुलिसकर्मी घायल, एक अन्य आरोपी गिरफ्तार
बुलंदशहर | बुलंदशहर के खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ढाकर रोड पर गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब पुलिस और स्वाट टीम की बदमाशों के साथ भीषण मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में तिहरे हत्याकांड का मुख्य आरोपी और 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश जीतू सैनी पुलिस की गोली लगने से मारा गया। पुलिस ने उसे गंभीर रूप से घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से लगातार कई राउंड फायरिंग हुई, जिससे पूरा इलाका गोलियों की आवाज से दहल उठा। इस गोलीबारी में स्वाट टीम प्रभारी मोहम्मद असलम और हेड कांस्टेबल मोहित मलिक भी घायल हो गए। दोनों पुलिसकर्मियों को गोली लगने के बाद तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
इसी दौरान पुलिस ने एक अन्य आरोपी मयंक सैनी को भी दबोच लिया। बताया जा रहा है कि मयंक सैनी पुलिस की गिरफ्त से भागने की कोशिश कर रहा था और उसने पुलिस टीम पर फायरिंग भी की, जिसके जवाब में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
यह पूरी वारदात कुछ दिन पहले खुर्जा के एक जिम में आयोजित जन्मदिन पार्टी से शुरू हुई थी। जानकारी के अनुसार, मुख्य आरोपी जीतू सैनी अपना जन्मदिन मना रहा था, तभी मनीष नामक युवक से केक चेहरे पर लगाने को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर जीतू सैनी ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें मनीष, उसके चचेरे भाई अमरदीप और भतीजे आकाश की मौत हो गई थी।
इस जघन्य वारदात के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी थी और कुल 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मारे गए तीनों युवक भाजपा से जुड़े बताए जा रहे हैं, जबकि मुख्य आरोपी जीतू सैनी का संबंध सपा से रहा है और वह पूर्व में नगर अध्यक्ष भी रह चुका है।
मुठभेड़ के दौरान स्थिति बेहद तनावपूर्ण रही। बदमाशों द्वारा चलाई गई गोलियां सिपाही रामफल और कपिल की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी लगीं, जिससे दोनों की जान बाल-बाल बच गई। घायल पुलिसकर्मियों को तुरंत उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है। पुलिस ने मौके से दो पिस्टल, एक तमंचा तथा भारी मात्रा में जिंदा और खोखा कारतूस बरामद किए हैं। इस पूरी घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बाकी फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।