
नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली के ग्रीन पार्क इलाके में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई जब एक 30 वर्षीय न्यायिक अधिकारी का शव उनके घर के बाथरूम में मिला। मृतक की पहचान अमन कुमार शर्मा के रूप में हुई है, जो कड़कड़डूमा अदालत में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) के सचिव के पद पर कार्यरत थे। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने इसे आत्महत्या का मामला माना है।
सूचना मिलने पर सफदरजंग एन्क्लेव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। डीडी नंबर 34 के तहत दर्ज पीसीआर कॉल के आधार पर पुलिस टीम ग्रीन पार्क मेन स्थित यू-4ए, प्रथम तल पर पहुंची। जांच के दौरान पाया गया कि अमन कुमार शर्मा अपने घर के बाथरूम में फांसी के फंदे से लटके हुए थे। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना की जानकारी सबसे पहले मृतक के जीजा शिवम ने दी, जो डिफेंस कॉलोनी में रहते हैं। उनके अनुसार जब अमन से संपर्क नहीं हो पाया तो परिजन घर पहुंचे, जहां यह दर्दनाक घटना सामने आई। सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी और शोक का माहौल बन गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में किसी तरह की साजिश या बाहरी हस्तक्षेप के संकेत नहीं मिले हैं। हालांकि, सभी संभावित पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। आत्महत्या के पीछे के कारण अभी स्पष्ट नहीं हैं। पुलिस परिजनों, सहकर्मियों और करीबी परिचितों से पूछताछ कर रही है ताकि मानसिक या पेशेवर दबाव से जुड़े पहलुओं को समझा जा सके।
अमन कुमार शर्मा ने 19 जून 2021 को दिल्ली न्यायिक सेवा में अपनी जिम्मेदारी संभाली थी। उन्होंने वर्ष 2018 में पुणे स्थित सिम्बायोसिस लॉ स्कूल से विधि स्नातक की डिग्री प्राप्त की थी। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई आपराधिक और दीवानी मामलों में न्यायिक भूमिका निभाई और विभिन्न अदालतों में जिम्मेदारियां संभालीं।
अक्टूबर 2025 से वे कड़कड़डूमा अदालत में उत्तर-पूर्व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के फुल-टाइम सचिव के पद पर कार्यरत थे। उनके सहकर्मियों के अनुसार, वे अपने कार्य के प्रति समर्पित और शांत स्वभाव के अधिकारी थे।
उनकी असामयिक मृत्यु ने न केवल परिवार बल्कि पूरे न्यायिक तंत्र को गहरे सदमे में डाल दिया है। वरिष्ठ अधिकारियों ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल दिल्ली पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।