Home ताजा खबरमुंबई में कचरे पर सख्त एक्शन, बीएमसी ने 162 गार्बेज हॉटस्पॉट चिन्हित किए, सफाई के लिए वार्डों को अलर्ट

मुंबई में कचरे पर सख्त एक्शन, बीएमसी ने 162 गार्बेज हॉटस्पॉट चिन्हित किए, सफाई के लिए वार्डों को अलर्ट

by trilokvivechana
0 comments

मुंबई। मुंबई में सड़कों पर बढ़ती गंदगी और खुले में कचरा फेंके जाने की शिकायतों के बीच बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (बीएमसी) ने बड़ा कदम उठाया है। नगर निगम ने पूरे शहर में 162 ऐसे स्थानों की पहचान की है, जहां लगातार कचरा जमा हो रहा है। इन स्थानों को “गार्बेज हॉटस्पॉट” और “गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट्स” के रूप में चिह्नित किया गया है।

यह कार्रवाई नगर आयुक्त अश्विनी भिडे द्वारा शुरू किए गए साप्ताहिक सुबह निरीक्षण अभियान के बाद की गई है। बीएमसी अधिकारियों के अनुसार, पिछले कुछ हफ्तों में किए गए निरीक्षण और नागरिकों से मिले फीडबैक के आधार पर इन जगहों को चिन्हित किया गया है। कई इलाकों में सामुदायिक कचरा डिब्बों की कमी के कारण लोग खुले में कचरा फेंक रहे हैं, जिससे गंदगी लगातार बढ़ रही है।

बीएमसी ने सभी संबंधित वार्ड कार्यालयों को सख्त निर्देश दिए हैं कि इन चिन्हित स्थानों की तुरंत सफाई सुनिश्चित की जाए और भविष्य में वहां कचरा जमा न होने दिया जाए। इसके साथ ही स्थानीय निवासियों को जागरूक करने, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण को मजबूत करने और नियमित कचरा उठाव की व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

नगर निगम के मुताबिक, “गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट” वे स्थान होते हैं, जहां लंबे समय तक कचरा जमा रहता है और समस्या को खत्म करने के लिए विशेष हस्तक्षेप की जरूरत होती है। वहीं “गार्बेज हॉटस्पॉट” ऐसे इलाके हैं, जिन्हें नागरिकों ने बार-बार गंदगी वाले क्षेत्रों के रूप में चिन्हित किया है।

वार्डवार आंकड़ों के अनुसार, कुछ प्रशासनिक वार्डों में 28 तक गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट्स पाए गए हैं। वहीं एच वेस्ट वार्ड—जिसमें बांद्रा वेस्ट, खार वेस्ट और सांताक्रूज वेस्ट जैसे इलाके शामिल हैं—में ऐसे पांच स्थान चिन्हित किए गए हैं।

बीएमसी अधिकारियों का कहना है कि अब हर वार्ड को सफाई से जुड़े स्पष्ट लक्ष्य दिए जाएंगे और नगर आयुक्त खुद इसकी नियमित समीक्षा करेंगी। हाल ही में अश्विनी भिडे ने अधिकारियों के साथ विभिन्न इलाकों और सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट चौकियों का निरीक्षण भी किया था, जिसमें कई जगह सड़कों के किनारे कचरा और निर्माण मलबा खुले में पड़ा मिला।

नगर आयुक्त ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सड़कों पर दिखने वाला कचरा सीधे तौर पर शहर की छवि को प्रभावित करता है और इसे वार्ड स्तर पर प्रशासनिक विफलता माना जाएगा। ऐसे में अब देखना होगा कि बीएमसी की यह सख्ती मुंबई को साफ-सुथरा बनाने में कितनी कारगर साबित होती है।

You may also like

Leave a Comment

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?
-
00:00
00:00
Update Required Flash plugin
-
00:00
00:00