Home ताजा खबरनवोदित सुष्मिता सिंह का कान्स में डेब्यू, ‘बॉम्बे स्टोरीज’ से रेड कार्पेट तक पहुंची भारतीय प्रतिभा

नवोदित सुष्मिता सिंह का कान्स में डेब्यू, ‘बॉम्बे स्टोरीज’ से रेड कार्पेट तक पहुंची भारतीय प्रतिभा

by trilokvivechana
0 comments

मॉडलिंग से फिल्मों तक का सफर बना युवाओं के लिए प्रेरणा

भारतीय सिनेमा के लिए यह गर्व का क्षण है कि उभरती अभिनेत्री सुष्मिता सिंह अब विश्व के सबसे प्रतिष्ठित फिल्म समारोहों में शामिल कान्स फिल्म फेस्टिवल में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने जा रही हैं। मात्र 25 वर्ष की उम्र में सुष्मिता ने वह मुकाम हासिल किया है, जिसका सपना हजारों युवा कलाकार देखते हैं। उनकी बहुचर्चित फिल्म ‘बॉम्बे स्टोरीज’ का प्रीमियर कान्स में होने जा रहा है, जिससे भारतीय फिल्म जगत में उत्साह और गर्व का माहौल है।

सुष्मिता सिंह की यह सफलता केवल ग्लैमर और रेड कार्पेट तक सीमित नहीं है, बल्कि यह संघर्ष, आत्मविश्वास और लगातार मेहनत की मिसाल भी है। छोटे कदमों से शुरुआत कर अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने वाली सुष्मिता आज युवाओं के लिए प्रेरणा बनती नजर आ रही हैं।

अपने करियर की शुरुआत उन्होंने मॉडलिंग से की थी। वर्ष 2019 में उन्होंने ‘मिस टीन वर्ल्ड 2019’ का खिताब जीतकर देश का नाम रोशन किया। खास बात यह रही कि यह उपलब्धि हासिल करने वाली वह पहली भारतीय और एशियाई महिला बनीं। इसके बाद उन्होंने ‘मिस यूनाइटेड कॉन्टिनेंट्स 2022’ में भारत का प्रतिनिधित्व कर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान और मजबूत की।

धीरे-धीरे सुष्मिता ने मनोरंजन जगत में अपने कदम मजबूती से जमाने शुरू किए। उन्होंने कई म्यूजिक वीडियो, विज्ञापनों और अभिनय परियोजनाओं में काम किया। इस दौरान उनकी जोड़ी दिलजीत दोसांझ, सलीम मर्चेंट, विशाल मिश्रा और निंजा जैसे चर्चित कलाकारों के साथ नजर आई। उनके काम और स्क्रीन प्रेजेंस ने फिल्म इंडस्ट्री का ध्यान अपनी ओर खींचा।

अब उनकी फिल्म ‘बॉम्बे स्टोरीज’ को लेकर चर्चा तेज हो गई है। यह फिल्म मशहूर साहित्यकार सआदत हसन मंटो की कहानियों से प्रेरित बताई जा रही है। मुंबई की पृष्ठभूमि पर आधारित यह फिल्म महिलाओं की जिंदगी, संघर्ष, दर्द और सामाजिक वास्तविकताओं को अलग-अलग कहानियों के माध्यम से प्रस्तुत करती है।

फिल्म में सुष्मिता एक 20 वर्षीय कॉलेज छात्रा की भूमिका निभा रही हैं, जिसकी जिंदगी एक दर्दनाक घटना के बाद पूरी तरह बदल जाती है। सूत्रों के मुताबिक उनका किरदार फिल्म की भावनात्मक आत्मा माना जा रहा है। फिल्म में मौनी रॉय और अनुप्रिया गोयंका जैसी अभिनेत्रियां भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगी।

कान्स फिल्म फेस्टिवल में 19 मई को फिल्म का प्रीमियर होगा। 20 मई को फिल्म का पोस्टर लॉन्च किया जाएगा, जबकि 21 मई को सुष्मिता सिंह पहली बार कान्स के रेड कार्पेट पर कदम रखेंगी। यह पल उनके करियर का सबसे बड़ा मोड़ माना जा रहा है।

इसी बीच सुष्मिता अपने पहले तेलुगु फिल्म प्रोजेक्ट की शूटिंग में भी व्यस्त हैं। इस फिल्म में वह अभिनेता रवि तेजा के बेटे माधव के साथ नजर आएंगी।

कम उम्र में मॉडलिंग से अभिनय और अब कान्स तक पहुंची सुष्मिता सिंह की यात्रा यह साबित करती है कि प्रतिभा, समर्पण और निरंतर मेहनत इंसान को दुनिया के सबसे बड़े मंच तक पहुंचा सकती है।

You may also like

Leave a Comment

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?
-
00:00
00:00
Update Required Flash plugin
-
00:00
00:00