
मुंबई : महाराष्ट्र सरकार ने राज्य की कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी तथा मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन में बड़े पैमाने पर फेरबदल किया है। गृह विभाग द्वारा जारी आदेश में कई आईपीएस और राज्य पुलिस सेवा अधिकारियों के तबादले, पदस्थापन और पदोन्नति की घोषणा की गई है। इस व्यापक प्रशासनिक बदलाव के तहत कई जिलों के पुलिस अधीक्षक (एसपी), पुलिस उपायुक्त (डीसीपी), अपर पुलिस आयुक्त और पुलिस उप महानिरीक्षक स्तर के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
गृह विभाग के अनुसार यह फेरबदल प्रशासनिक आवश्यकता, बेहतर समन्वय और राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है। इस निर्णय को महाराष्ट्र पुलिस महकमे में बड़े पुनर्गठन के रूप में देखा जा रहा है।
जारी आदेश के अनुसार नंदकुमार ठाकुर को महाराष्ट्र पुलिस अकादमी, नासिक में उप संचालक नियुक्त किया गया है। पी. आर. पाटील को पुणे शहर का पुलिस उपायुक्त बनाया गया है, जबकि जयंत मीना को बृहन्मुंबई पुलिस में डीसीपी की जिम्मेदारी दी गई है।
इसी क्रम में लोहित मतानी को नागपुर में महामार्ग सुरक्षा पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। संजय बारकुंड को राज्य राखीव पुलिस बल, गट क्रमांक-3, जालना में समादेशक बनाया गया है। वहीं प्रशांत मोहिते को छत्रपति संभाजीनगर शहर में पुलिस उपायुक्त पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अतुल्य मिरखेलकर को नागपुर शहर का डीसीपी नियुक्त किया गया है, जबकि गोहर हसन को पुणे शहर में पुलिस उपायुक्त बनाया गया है। नित्यानंद झा को यवतमाल जिले का पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। वहीं रफकत आमना को पुणे के गुन्हे अन्वेषण विभाग का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
इसके अलावा अभयसिंह देशमुख को बृहन्मुंबई में डीसीपी पद पर नियुक्त किया गया है। कुमार चिंथा और अपूर्णा सिंह को नागपुर शहर में पुलिस उपायुक्त बनाया गया है। वहीं एम. किरितिका को नासिक स्थित गुन्हे दोषसिद्धी प्रशिक्षण विद्यालय की प्राचार्य नियुक्त किया गया है।
राज्य सरकार ने 2022 बैच के चार आईपीएस अधिकारियों को जूनियर टाइम स्केल से वरिष्ठ समय श्रेणी में पदोन्नति देने की घोषणा भी की है। यह पदोन्नति 1 जनवरी 2026 से प्रभावी मानी जाएगी। आदेश के अनुसार जीवन देवाशीष बेनिगाल को पुणे शहर में डीसीपी, शुभम कुमार को पुणे ग्रामीण में अपर पुलिस अधीक्षक, वृष्टि जैन को सोलापुर शहर में पुलिस उपायुक्त और हर्षवर्धन को गडचिरोली में अपर पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
वरिष्ठ अधिकारियों के स्तर पर भी बड़े बदलाव किए गए हैं। मोक्षदा पाटिल को पदोन्नति देकर बृहन्मुंबई में अपर पुलिस आयुक्त बनाया गया है। प्रियंका नारनवरे को महाराष्ट्र राज्य परिवहन महामंडल में पुलिस उप महानिरीक्षक एवं मुख्य दक्षता अधिकारी नियुक्त किया गया है।
इसी तरह तेजस्वी सातपुते को पुणे शहर में अपर पुलिस आयुक्त (गुन्हे) बनाया गया है, जबकि अशोक दुधे को राज्य राखीव पुलिस बल, मुंबई में पुलिस उप महानिरीक्षक नियुक्त किया गया है। दिक्षित गेडाम, कृष्णकांत उपाध्याय और प्रविण मुंढे को भी पदोन्नति देकर बृहन्मुंबई में अपर पुलिस आयुक्त बनाया गया है।
इसके अलावा योगेश गुप्ता को गडचिरोली का पुलिस उप महानिरीक्षक, राकेश ओला को अमरावती का पुलिस आयुक्त तथा एम.सी.बी. महेश्वर रेड्डी को पुणे के गुन्हे अन्वेषण विभाग में पुलिस उप महानिरीक्षक नियुक्त किया गया है।
गृह विभाग का कहना है कि इन बदलावों से पुलिस प्रशासन की कार्यक्षमता बढ़ेगी, अपराध नियंत्रण को मजबूती मिलेगी और राज्य की कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।