मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर देर रात थमा ट्रैफिक, बड़ा हादसा टला
वसई | मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तेज रफ्तार हाईवा डंपर मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेस-वे के निर्माणाधीन लोहे के फ्लाईओवर से जा टकराया। चालक की एक छोटी-सी चूक ने पूरे हाईवे पर सनसनी फैला दी। हादसा इतना भयावह था कि डंपर का पिछला हिस्सा सीधे पुल के लोहे के ढांचे में फंस गया और कुछ देर के लिए यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
घटना वसई के कोपर फाटा इलाके की है, जहां मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेस-वे का फ्लाईओवर निर्माणाधीन है। जानकारी के मुताबिक, देर रात एक हाईवा डंपर तेज गति से पुल के नीचे से गुजर रहा था। इसी दौरान चालक से गलती से हाइड्रोलिक सिस्टम का बटन दब गया। बटन दबते ही डंपर का पिछला डाला अचानक ऊपर उठ गया।
वाहन की रफ्तार अधिक होने के कारण चालक को संभलने का मौका तक नहीं मिला और ऊपर उठा डाला सीधे फ्लाईओवर के लोहे के स्ट्रक्चर से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि डंपर पुल के ढांचे में बुरी तरह अटक गया। हादसे के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और मुंबई से गुजरात की ओर जाने वाली लेन पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जोरदार आवाज सुनते ही आसपास के लोग दहशत में आ गए। कुछ देर के लिए ऐसा लगा मानो फ्लाईओवर का हिस्सा गिर जाएगा। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
सूचना मिलते ही मांडवी पुलिस और हाईवे पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने तुरंत ट्रैफिक डायवर्ट कर बचाव कार्य शुरू कराया। बाद में क्रेन और भारी मशीनों की मदद से पुल में फंसे डंपर को बाहर निकाला गया। कई घंटों की मशक्कत के बाद यातायात को फिर से सामान्य किया जा सका।
इस घटना ने एक बार फिर हाईवे पर भारी वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और चालक प्रशिक्षण पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि तकनीकी उपकरणों के उपयोग में जरा-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।