“प्रतिभा को मिलेगा पूरा सहयोग, खेलों के लिए पांच करोड़ की नई आर्थिक तरतूद”
मुंबई। देश की आर्थिक राजधानी अब खेलों के मैदान में भी अपनी ताकत दिखाने को तैयार है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका की ओर से आयोजित “मुंबई महापौर चषक पॉवरलिफ्टिंग स्पर्धा–2026” के पुरस्कार वितरण समारोह में मुंबई की महापौर Ritu Tawde ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि मुंबई के युवा खिलाड़ियों में ओलंपिक स्तर पर पदक जीतने और विश्व मंच पर भारत का तिरंगा लहराने की पूरी क्षमता मौजूद है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि महानगरपालिका हर प्रतिभाशाली खिलाड़ी के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी और खेल सुविधाओं के विस्तार में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।
दादर पश्चिम स्थित Kirti College में मुंबई शहर पॉवरलिफ्टिंग असोसिएशन और बृहन्मुंबई महानगरपालिका के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस भव्य प्रतियोगिता में शहर और उपनगरों से बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। पूरे आयोजन में खेल भावना, अनुशासन और जोश का अनूठा संगम देखने को मिला।
समारोह के दौरान महापौर ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि विभिन्न महापौर क्रीड़ा स्पर्धाओं के लिए महानगरपालिका की ओर से अब पांच करोड़ रुपये तक की आर्थिक व्यवस्था की गई है। उनका कहना था कि मुंबई के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए खेल मैदानों का आधुनिकीकरण, अत्याधुनिक जिम और उन्नत प्रशिक्षण उपकरणों की व्यवस्था तेजी से की जा रही है।
कार्यक्रम में Deccan Education Society के विश्वस्त एडवोकेट नील हेळेकर, महाराष्ट्र स्टेट पॉवरलिफ्टिंग असोसिएशन के सरचिटणीस एवं शिवछत्रपति क्रीड़ा पुरस्कार विजेता Sanjay Sardesai, सहचिटणीस संजय माधव, प्राचार्य अनिल मार्तंड, दादोजी कोंडदेव पुरस्कार विजेता दिलीप केळुसकर, मुंबई शहर पॉवरलिफ्टिंग असोसिएशन के अध्यक्ष महेश पेडामकर और सचिव समीर दळवी सहित कई खेल प्रशिक्षक और खिलाड़ी उपस्थित रहे।
महिला खिलाड़ियों ने दिखाया दम
प्रतियोगिता में जहां 100 पुरुष खिलाड़ियों ने अपनी ताकत का प्रदर्शन किया, वहीं 47 महिला खिलाड़ियों ने भी अलग-अलग वजन वर्गों में शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। महापौर ऋतु तावडे ने महिला खिलाड़ियों की विशेष सराहना करते हुए कहा कि आज की महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं और खेल जगत में भी अपनी शक्ति का लोहा मनवा रही हैं।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में अनुभवी खिलाड़ियों के साथ 147 राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता तथा उभरते प्रतिभाशाली खिलाड़ी शामिल हुए। इससे यह साफ संकेत मिलता है कि मुंबई और महाराष्ट्र की खेल संस्कृति का भविष्य बेहद मजबूत हाथों में है।
पूर्व खो-खो खिलाड़ी रहीं महापौर ने खिलाड़ियों से हार से निराश न होने और लगातार संघर्ष करते रहने की अपील की। समारोह में “स्ट्रॉंग वुमन ऑफ इंडिया” Ruby Das को विशेष सम्मान से नवाजा गया। उनके जज्बे और खेल भावना की उपस्थित लोगों ने जमकर सराहना की।
प्रतियोगिता के प्रमुख विजेता
पुरुष वर्ग में सब जूनियर स्ट्रॉंग बॉय का खिताब आयर्न मॅटर, जूनियर स्ट्रॉंग बॉय विराज पावसकर, सीनियर स्ट्रॉंग मैन योगेश गुंड और मास्टर स्ट्रॉंग मैन राजेश शेटे ने अपने नाम किया।
महिला वर्ग में सब जूनियर गर्ल सेजल बेलवलकर, जूनियर स्ट्रॉंग गर्ल तन्वी शिंदे, सीनियर स्ट्रॉंग वुमन सेजल मकवाना और मास्टर स्ट्रॉंग वुमन का खिताब रुबी दास ने जीतकर अपनी ताकत का लोहा मनवाया।