बिना ड्राइवर दौड़ेगी टैक्सी, सफर होगा स्मार्ट


मुंबई और नोएडा में शुरू होगी देश की पहली पॉड टैक्सी सेवा
ट्रैफिक जाम से राहत, एआई तकनीक से चलेगा नया परिवहन तंत्र

मुुंबई। देश में सार्वजनिक परिवहन के क्षेत्र में एक नई क्रांति की शुरुआत होने जा रही है। मुंबई और नोएडा में जल्द ही ड्राइवरलेस पॉड टैक्सी सेवा शुरू की जाएगी, जो यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आरामदायक सफर का नया अनुभव देगी। अत्याधुनिक तकनीक से लैस यह प्रणाली भारत में पहली बार लागू की जा रही है और इसे भविष्य के परिवहन मॉडल के रूप में देखा जा रहा है।

नोएडा में यह हाईटेक सेवा जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से फिल्म सिटी तक लगभग 14.6 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड ट्रैक पर संचालित होगी। परियोजना को वर्ष 2028 तक शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं मुंबई में भी पॉड टैक्सी परियोजना ने रफ्तार पकड़ ली है और इसके पहले चरण का काम अगले 20 महीनों में पूरा करने की योजना बनाई गई है।

मुंबई में इस सेवा की शुरुआत कुर्ला टर्मिनल से बांद्रा पूर्व टर्मिनल के बीच 3.36 किलोमीटर लंबे मार्ग पर होगी। यह मार्ग एलबीएस मार्ग, एमएमआरडीए पे-एंड-पार्क, बीडीबी गेट-11, कलानगर, पुरानी एमएमआरडीए इमारत और आबकारी विभाग जैसे महत्वपूर्ण स्थानों को जोड़ेगा। भविष्य में इसे 8.85 किलोमीटर लंबे नेटवर्क में विस्तारित किया जाएगा, जहां 22 स्टेशन बनाए जाएंगे। इससे बीकेसी, कुर्ला और बांद्रा पूर्व क्षेत्र की संपर्क व्यवस्था और मजबूत होगी।

पॉड टैक्सी एक अत्याधुनिक व्यक्तिगत त्वरित परिवहन प्रणाली है। इसमें छोटी-छोटी स्वचालित केबिनें होंगी, जो बिना चालक के एलिवेटेड ट्रैक पर संचालित होंगी। सड़क यातायात से अलग होने के कारण यह सेवा ट्रैफिक जाम से मुक्त रहेगी। बैटरी से संचालित होने के कारण यह पर्यावरण के लिए भी अनुकूल मानी जा रही है।

प्रत्येक पॉड में छह यात्रियों के बैठने की क्षमता होगी। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), सेंसर और उन्नत कंप्यूटर प्रणाली की सहायता से यह वाहन स्वतः संचालित होंगे। सेंसर मार्ग में आने वाली किसी भी बाधा की पहचान कर सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे, जबकि एआई तकनीक यात्री मांग के अनुसार वाहनों का संचालन नियंत्रित करेगी।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह परियोजना न केवल शहरी परिवहन का स्वरूप बदलेगी, बल्कि भविष्य के स्मार्ट शहरों की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

Related posts

गर्मी में राहत का देसी नुस्खा! गुड़ और सौंफ की मलाईदार लस्सी देगी स्वाद के साथ ठंडक का अहसास

शिक्षा में एआई का धमाका! यूपीईएस-गूगल मिलकर बनाएंगे ‘फ्यूचर कैंपस’

प्रधानाध्यापक की मौत से दहला सोलापुर, 1.80 करोड़ के घाटे ने ली चार जिंदगियां! शेयर बाजार में डूबे सपने, उजड़ गया पूरा परिवार