प्रधानाध्यापक की मौत से दहला सोलापुर, 1.80 करोड़ के घाटे ने ली चार जिंदगियां! शेयर बाजार में डूबे सपने, उजड़ गया पूरा परिवार

सोलापुर। महाराष्ट्र के सोलापुर जिले से सामने आई एक दर्दनाक घटना ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। बार्शी तालुका के हत्तीज गांव में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया। प्रारंभिक पुलिस जांच में सामने आया है कि शेयर बाजार में भारी आर्थिक नुकसान और बढ़ते कर्ज के बोझ से टूट चुके एक प्रधानाध्यापक ने पहले अपनी पत्नी और दो बच्चों को कथित रूप से जहर दिया और फिर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

मृतकों की पहचान जिला परिषद स्कूल के मुख्याध्यापक योगेश बालासाहेब पाटील, उनकी पत्नी माधुरी पाटील तथा दो बेटों अथर्व और शिवांश के रूप में हुई है। गुरुवार रात हुई इस घटना का खुलासा शुक्रवार सुबह तब हुआ, जब दूध पहुंचाने वाला व्यक्ति रोज की तरह घर पहुंचा, लेकिन काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला। पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए।

घर के भीतर पत्नी और दोनों बच्चों के शव पड़े थे, जबकि योगेश पाटील का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी प्रतापसिंह जाधव और निरीक्षक कुंदन गावडे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि योगेश पाटील शेयर बाजार में निवेश करते थे और उन्हें लगभग 1 करोड़ 80 लाख रुपये का भारी नुकसान हुआ था। जांच में यह भी पता चला है कि उन्होंने अपनी मां से मिले करीब एक करोड़ रुपये भी निवेश में गंवा दिए थे। इसके अलावा रिश्तेदारों और मित्रों से लिया गया कर्ज भी लगातार बढ़ता जा रहा था, जिससे वे लंबे समय से मानसिक तनाव में थे।

घटनास्थल से 22 पन्नों का एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसे पुलिस इस मामले का महत्वपूर्ण साक्ष्य मान रही है। नोट में आर्थिक लेन-देन, कर्ज और संपत्ति से जुड़ी विस्तृत जानकारी दर्ज होने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, सुसाइड नोट में किसी व्यक्ति को मौत के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया गया है।

फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। आर्थिक लेन-देन, निवेश और संभावित अन्य कारणों की भी पड़ताल की जा रही है। गांव में मातम पसरा हुआ है और पूरे शिक्षा जगत में शोक की लहर है।

इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर आर्थिक दबाव, बढ़ते कर्ज और मानसिक तनाव के गंभीर दुष्परिणामों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि निवेश में जोखिम और आर्थिक संकट के दौर में समय पर सलाह और मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान देना बेहद आवश्यक है।

Related posts

गर्मी में राहत का देसी नुस्खा! गुड़ और सौंफ की मलाईदार लस्सी देगी स्वाद के साथ ठंडक का अहसास

शिक्षा में एआई का धमाका! यूपीईएस-गूगल मिलकर बनाएंगे ‘फ्यूचर कैंपस’

हड़ताल खत्म, लेकिन शुरू हुई ‘पानी की लूट’! मुंबई में टैंकरों की कालाबाजारी के आरोप, 8 हजार का टैंकर पहुंचा 25 हजार रुपये तक