Home राजनीतिराज्यबिहारगया एयरपोर्ट पर कस्टम की बड़ी कार्रवाई: खिलौनों में छिपाकर लाए जा रहे 25 करोड़ के विदेशी ड्रग्स जब्त, दो महिलाएं सहित पांच गिरफ्तार

गया एयरपोर्ट पर कस्टम की बड़ी कार्रवाई: खिलौनों में छिपाकर लाए जा रहे 25 करोड़ के विदेशी ड्रग्स जब्त, दो महिलाएं सहित पांच गिरफ्तार

by trilokvivechana
0 comments

पटना। गणतंत्र दिवस के अवसर पर जब पूरा देश उत्सव मना रहा था, उसी दौरान बिहार के गया इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी के एक बड़े संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया। थाईलैंड से हाइड्रोपोनिक वीड्स (प्रतिबंधित मादक पदार्थ) की भारी खेप लेकर आ रहे पांच यात्रियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। जब्त ड्रग्स की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत करीब 25 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

यह कार्रवाई थाई एयर एशिया की फ्लाइट संख्या एफडी-122 से डॉन मुआंग (थाईलैंड) से दोपहर करीब 12:30 बजे गया पहुंचे यात्रियों के सामान की जांच के दौरान की गई। गया एयरपोर्ट के निदेशक अवधेश कुमार ने बताया कि एक्स-बीआईएस मशीन से स्क्रीनिंग के दौरान कुछ बैगों में असामान्य आकृतियां दिखाई दीं, जिससे अधिकारियों को संदेह हुआ। इसके बाद संदिग्ध पांच यात्रियों के कुल 12 बैग अलग कर गहन भौतिक जांच की गई।

तलाशी के दौरान कस्टम अधिकारियों को बैगों के भीतर खिलौनों के डिब्बों में बेहद शातिर तरीके से छिपाकर रखा गया हाइड्रोपोनिक वीड्स बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तस्कर बच्चों के खिलौनों के पैकिंग बॉक्स का इस्तेमाल कर ड्रग्स को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सप्लाई कर रहे थे, ताकि सुरक्षा एजेंसियों की नजरों से बचा जा सके।

इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों में तीन पुरुष उत्तर प्रदेश के निवासी हैं, जिनकी पहचान गौरव विधुरी, गुलशन मीणा और अश्विनी कुमार द्विवेदी के रूप में हुई है। वहीं दो महिलाएं पंजाब की रहने वाली बताई जा रही हैं, जिनके नाम दिलप्रीत कौर और मनप्रीत कौर हैं। सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर कस्टम विभाग और अन्य एजेंसियां आगे की पूछताछ कर रही हैं।

कस्टम अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क के खिलाफ एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस गिरोह के पीछे कौन-कौन से अंतरराष्ट्रीय और स्थानीय नेटवर्क सक्रिय हैं तथा देश के किन-किन हिस्सों में इस खेप की सप्लाई होनी थी।

You may also like

Leave a Comment

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?
-
00:00
00:00
Update Required Flash plugin
-
00:00
00:00