
मुंबई। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) में बड़ा संगठनात्मक और राजनीतिक बदलाव देखने को मिला है। सुनेत्रा पवार को सर्वसम्मति से एनसीपी विधायक दल का नेता चुन लिया गया है। इसके साथ ही उन्होंने अपने राज्यसभा सांसद पद से इस्तीफा दे दिया है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, डिप्टी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से पहले संवैधानिक औपचारिकताओं को पूरा करते हुए उन्होंने सांसद पद छोड़ा है।
राजभवन की ओर से जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, सुनेत्रा पवार आज शाम पांच बजे मुंबई स्थित लोकभवन (राजभवन) में पद और गोपनीयता की शपथ लेंगी। राज्यपाल आचार्य देवव्रत शाम चार बजे देहरादून से मुंबई पहुंचेंगे, जिसके बाद शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह को लेकर राजभवन परिसर में तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
इस बीच राजनीतिक हलकों में इस फैसले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि एनसीपी के भीतर लिए गए निर्णय उनकी पार्टी का आंतरिक मामला है। उन्होंने कहा कि अगर राष्ट्रीय स्तर के नेताओं ने कोई फैसला किया है, तो वह उनकी मर्जी है। राउत ने यह भी कहा कि राज्य अभी एक बड़े राजनीतिक घटनाक्रम के प्रभाव से उबर रहा है और ऐसे समय में लिए गए फैसलों पर व्यापक बहस होना स्वाभाविक है।