Home ताजा खबरवानखेड़े में क्रिकेट गौरव को नमन: दिग्गजों के नाम पर गेट और स्टैंड समर्पित

वानखेड़े में क्रिकेट गौरव को नमन: दिग्गजों के नाम पर गेट और स्टैंड समर्पित

by trilokvivechana
0 comments

वानखेड़े में क्रिकेट गौरव को नमन: दिग्गजों के नाम पर गेट और स्टैंड समर्पित
मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को वानखेड़े स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में मुंबई क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए स्टेडियम के विभिन्न गेट और स्टैंड का नामकरण किया। इस पहल को उन्होंने खेल इतिहास को सहेजने और नई पीढ़ी को प्रेरित करने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वानखेड़े जैसे ऐतिहासिक मैदान पर महान खिलाड़ियों को इस तरह सम्मानित करना न केवल उनके योगदान को यादगार बनाता है, बल्कि उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी है। कार्यक्रम के दौरान गेट का नामकरण एकनाथ सोलकर, डायना एडुलजी और दिलीप सरदेसाई के नाम पर किया गया, जबकि स्टैंड को रवि शास्त्री के नाम समर्पित किया गया।
समारोह में सुनील गावस्कर, दिलीप वेंगसरकर, सूर्यकुमार यादव सहित कई क्रिकेट हस्तियां मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री ने गावस्कर के साहसिक खेल का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने बिना हेलमेट तेज गेंदबाजों का सामना कर भारतीय क्रिकेट को नई दिशा दी। वहीं वेंगसरकर की धैर्यपूर्ण बल्लेबाजी और सोलकर की अद्वितीय फील्डिंग को भी उन्होंने याद किया।
महिला क्रिकेट के संदर्भ में उन्होंने डायना एडुलजी के योगदान को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि उनकी मेहनत ने महिला क्रिकेट को नई पहचान दिलाई। आधुनिक क्रिकेट की चर्चा करते हुए उन्होंने सूर्यकुमार यादव को “360 डिग्री खिलाड़ी” बताते हुए उनकी अभिनव बल्लेबाजी शैली की सराहना की।
कार्यक्रम में मौजूद सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशिष शेलार ने इसे मुंबई क्रिकेट के स्वर्णिम क्षणों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि शहर ने विश्वस्तरीय क्रिकेटरों की लंबी परंपरा बनाई है और यह पहल उस विरासत को सम्मान देने का सशक्त माध्यम है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर क्रिकेट अधोसंरचना को लेकर भी महत्वपूर्ण संकेत दिए। उन्होंने कहा कि मुंबई के छोटे मैदानों के संरक्षण और पुराने लीज़ विवादों के समाधान के लिए सरकार गंभीर है। साथ ही 60 से 80 हजार दर्शकों की क्षमता वाले आधुनिक स्टेडियम के निर्माण में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में चाहे कितने भी नए स्टेडियम बन जाएं, वानखेड़े का ऐतिहासिक महत्व और गौरव हमेशा बरकरार रहेगा।

You may also like

Leave a Comment

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?
-
00:00
00:00
Update Required Flash plugin
-
00:00
00:00