
जनरेटर वैन में तकनीकी खराबी से मची अफरा-तफरी, रेलवे कर्मचारियों की सतर्कता से 15 मिनट में स्थिति काबू में
ठाणे – मुंबई की जीवनरेखा मानी जाने वाली मध्य रेलवे पर गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब कसारा रेलवे स्टेशन पर महानगरी एक्सप्रेस की जनरेटर वैन से अचानक धुआं निकलने लगा। स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। हालांकि रेलवे कर्मचारियों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते स्थिति पर समय रहते नियंत्रण पा लिया गया और संभावित बड़ा हादसा टल गया।
घटना गुरुवार सुबह करीब 10 से 10.30 बजे के बीच की है। इगतपुरी से मुंबई की ओर आ रही महानगरी एक्सप्रेस जैसे ही कसारा स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर दो पर पहुंची, तभी ट्रेन की जनरेटर वैन से धुआं उठता दिखाई दिया। धुएं का गुबार देखते ही प्लेटफॉर्म पर हलचल मच गई। कुछ यात्रियों ने घबराकर ट्रेन से दूर हटना शुरू कर दिया, जबकि स्टेशन पर मौजूद रेलवे कर्मचारियों ने तत्काल स्थिति संभाल ली।
सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, तकनीकी विभाग और स्टेशन स्टाफ मौके पर पहुंच गया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यात्रियों को सुरक्षित दूरी पर किया गया और जनरेटर वैन की जांच शुरू हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अत्यधिक गर्मी के कारण ब्रेक लाइनर गर्म होकर जाम हो गया था, जिससे धुआं निकलने लगा। गार्ड ने समय रहते तकनीकी गड़बड़ी को पहचान लिया और तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यदि कुछ और देर होती तो स्थिति गंभीर रूप ले सकती थी।
तकनीकी टीम ने बिना समय गंवाए ब्रेक लाइनर को दुरुस्त कर आवश्यक मरम्मत कार्य शुरू किया। करीब 10 से 15 मिनट के भीतर खराबी दूर कर दी गई और स्थिति पूरी तरह सामान्य कर ली गई। इसके चलते महानगरी एक्सप्रेस को कसारा स्टेशन पर लगभग पंद्रह मिनट तक रोके रखा गया। मरम्मत पूरी होने के बाद ट्रेन को सुरक्षित रूप से मुंबई की ओर रवाना कर दिया गया।
राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री को चोट नहीं पहुंची और न ही किसी प्रकार की जनहानि हुई। बावजूद इसके, अचानक हुए इस घटनाक्रम ने यात्रियों को कुछ समय के लिए सहमा दिया। लगातार बढ़ती तकनीकी घटनाओं के बीच यह मामला एक बार फिर रेलवे सुरक्षा और नियमित तकनीकी जांच व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। यात्रियों का कहना है कि रेलवे प्रशासन को ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए और अधिक सतर्कता बरतनी होगी।