Home ताजा खबरजमीन के गर्भ से निकला इतिहास!, उत्तन में मिला तोप का गोला

जमीन के गर्भ से निकला इतिहास!, उत्तन में मिला तोप का गोला

by trilokvivechana
0 comments

मराठा वीरगाथा और समुद्री युद्धों की विरासत फिर आई चर्चा में

भायंदर। भायंदर-पश्चिम के उत्तन तटीय क्षेत्र में बुधवार शाम उस समय सनसनी फैल गई जब जमीन के भीतर दबा एक संदिग्ध धातु-पिंड मिलने की सूचना सामने आई। प्रारंभिक आशंका किसी खतरनाक विस्फोटक की थी, लेकिन जांच में यह वस्तु एक प्राचीन तोप का गोला निकली। बम निरोधक दस्ते, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई से संभावित खतरा टल गया, लेकिन इस खोज ने उत्तन और वसई के ऐतिहासिक भूगोल को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला खड़ा किया है।

अरब सागर के किनारे बसा यह इलाका केवल एक तटीय क्षेत्र नहीं, बल्कि मराठा साम्राज्य के शौर्य, समुद्री संघर्षों और ऐतिहासिक सैन्य अभियानों का जीवंत साक्षी रहा है। एक ओर वसई का ऐतिहासिक किला और दूसरी ओर जंजीरे धारावी का दुर्ग, इन दोनों के बीच फैला यह भूभाग कभी युद्ध रणनीतियों और सामरिक गतिविधियों का केंद्र हुआ करता था। इतिहासकारों के अनुसार छत्रपति शिवाजी महाराज और मराठा साम्राज्य के पराक्रमी सेनापति चिमाजी अप्पा के अभियानों से यह क्षेत्र गहराई से जुड़ा रहा है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मजदूरों को खुदाई के दौरान जमीन में आधा दबा यह धातु-पिंड दिखाई दिया था। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हुईं और जांच में इसे अविघटित तोप का गोला पाया गया। विशेषज्ञों का मानना है कि यह अवशेष किसी पुराने सैन्य संघर्ष या औपनिवेशिक दौर की गतिविधियों से जुड़ा हो सकता है।

गौरतलब है कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी उत्तन और मूर्धा वानव क्षेत्र से प्राचीन मूर्तियां, सैकड़ों वर्ष पुरानी तोपें तथा अन्य ऐतिहासिक अवशेष मिल चुके हैं। इसके बावजूद इस पूरे क्षेत्र में व्यापक पुरातात्विक सर्वेक्षण और वैज्ञानिक उत्खनन की दिशा में अपेक्षित प्रयास नहीं हुए हैं।

इतिहास प्रेमियों और किला संरक्षण कार्यकर्ताओं का कहना है कि बार-बार सामने आ रहे ऐसे अवशेष इस बात के संकेत हैं कि उत्तन-वसई का भूभाग अभी भी अपने भीतर इतिहास के अनगिनत अध्याय समेटे हुए है। उनका मानना है कि पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग को इस क्षेत्र में विशेष शोध, उत्खनन और संरक्षण अभियान शुरू करना चाहिए, ताकि मराठा वैभव, सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक धरोहरों को सुरक्षित रखते हुए आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाया जा सके।

You may also like

Leave a Comment

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?
-
00:00
00:00
Update Required Flash plugin
-
00:00
00:00