मुंबई। नवी मुंबई में घर का सपना देख रहे हजारों परिवारों के लिए राज्य सरकार ने बड़ी राहत दी है। CIDCO द्वारा निर्मित आवासों की कीमतों में सीधे 10 प्रतिशत की कटौती की जाएगी। उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने विधान परिषद में इसकी घोषणा करते हुए कहा कि इस फैसले से आम आदमी को किफायती दरों पर अपना घर उपलब्ध होगा।
उपमुख्यमंत्री शिंदे ने बताया कि CIDCO ने नवी मुंबई के खारघर, वाशी, खारकोपर, तलोजा, उल्वे, कलंबोली, कामोठे और पनवेल जैसे प्रमुख क्षेत्रों में करीब 17,000 मकानों का निर्माण किया है। इन मकानों के लिए लॉटरी प्रक्रिया आगामी दो महीनों में पूरी की जाएगी। लॉटरी से पहले ही कीमतों में कटौती का निर्णय लेकर सरकार ने आम नागरिकों को बड़ी सौगात दी है।
सरकार के फैसले के अनुसार, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) और निम्न आय वर्ग (LIG) के मकानों की कीमतों में 10 प्रतिशत की कमी की जाएगी। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह निर्णय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘सभी के लिए आवास’ नीति के अनुरूप लिया गया है, ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और किफायती आवास उपलब्ध हो सके।
अब तक CIDCO के मकानों की ऊंची कीमतें कई इच्छुक खरीदारों के लिए बड़ी बाधा बनी हुई थीं। बाजार दरों की तुलना में सस्ते होने के बावजूद, MHADA के मुकाबले CIDCO के मकान महंगे माने जाते रहे हैं। इसी कारण अनेक लोग चाहकर भी CIDCO का घर नहीं खरीद पा रहे थे। सरकार ने इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए यह अहम निर्णय लिया है।
विधान परिषद में उपमुख्यमंत्री शिंदे ने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार बड़े पैमाने पर आवास निर्माण की दिशा में काम कर रही है। विशेष रूप से बुजुर्गों, जरूरतमंदों और कमजोर वर्गों के लिए त्वरित आवास उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा। इसके साथ ही भविष्य की परियोजनाओं के लिए पर्याप्त आवास स्टॉक तैयार करने की योजना भी बनाई जा रही है।
सरकार के इस फैसले को नवी मुंबई के मध्यम और निम्न आय वर्ग के लिए ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है, जिससे हजारों परिवारों के अपने घर का सपना साकार होने की उम्मीद जगी है।
