Home राजनीतिराज्यमहाराष्ट्रमुंबई में ‘अपना अमिताभ’ का भव्य प्रीमियर, दलित युवक के संघर्ष में दिखा ‘एंग्री यंग मैन’ का अक्स

मुंबई में ‘अपना अमिताभ’ का भव्य प्रीमियर, दलित युवक के संघर्ष में दिखा ‘एंग्री यंग मैन’ का अक्स

by admin
0 comments

मुंबई। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के प्रति अटूट प्रेम और सामाजिक संघर्ष की सशक्त कहानी पर आधारित बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘अपना अमिताभ’ का भव्य प्रीमियर हाल ही में मुंबई के अंधेरी पश्चिम स्थित सिनेपोलिस, फन रिपब्लिक में आयोजित किया गया। क्लासिक एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी इस फिल्म के निर्माता विकास शर्मा हैं, जबकि इसके लेखक और निर्देशक अजय आनंद हैं।

प्रीमियर समारोह में मुंबई के वरिष्ठ पत्रकारों, फिल्म समीक्षकों, कलाकारों और बॉलीवुड से जुड़े कई जाने-माने चेहरों की उपस्थिति रही। रेड कार्पेट से लेकर थिएटर के भीतर तक उत्साह और जिज्ञासा का माहौल दिखाई दिया। फिल्म 12 दिसंबर को देशभर के चुनिंदा सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है और पहले ही दिन से इसे दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।

फिल्म की कहानी विजय नामक एक दलित और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के युवक के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अमिताभ बच्चन का कट्टर प्रशंसक है। विजय का जीवन जातिगत भेदभाव, अपमान और सामाजिक अन्याय से भरा है। गांव के ऊँची जाति के बच्चे उसके पिता के नाम को लेकर उसका मज़ाक उड़ाते हैं, जिससे आहत होकर वह अपने पिता का नाम बदलकर ‘दीनानाथ चौहान’ रखने की इच्छा प्रकट करता है। यही इच्छा आगे चलकर गांव की राजनीति, सामाजिक टकराव और सत्ता संघर्ष का कारण बन जाती है।

कहानी के साथ-साथ फिल्म में जातिवाद, भ्रष्टाचार और व्यवस्था की संवेदनहीनता जैसे गंभीर मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया गया है। निर्देशक अजय आनंद ने सामाजिक यथार्थ को मनोरंजन के साथ जोड़ते हुए एक सशक्त कथानक रचा है। फिल्म का एक अहम मोड़ दिल्ली के जंतर-मंतर में हुए अन्ना हजारे आंदोलन से जुड़ा है, जिसे ट्रेलर में जानबूझकर छुपाया गया था। यही ट्विस्ट दर्शकों को चौंकाता है और कहानी को नई दिशा देता है। दमदार क्लाइमेक्स फिल्म को भावनात्मक ऊंचाई प्रदान करता है।

मुख्य भूमिका निभाने वाले अभिनेता विजय रावल की अदाकारी को खास सराहना मिल रही है। समीक्षकों का कहना है कि उनके अभिनय में अमिताभ बच्चन के ‘एंग्री यंग मैन’ की स्पष्ट झलक दिखाई देती है—वही आक्रोश, वही ईमानदार जिद और अन्याय के खिलाफ खड़े होने का साहस। यह फिल्म खास तौर पर उन दर्शकों के लिए नॉस्टैल्जिया लेकर आती है, जिन्होंने 80 के दशक के विद्रोही सिनेमा को करीब से देखा है।

फिल्म के अन्य प्रमुख कलाकारों में जय ठक्कर, ज्योत सिंह चहल, हेमंत माहौर, मुकेश भट्ट, सुरुचि वर्मा, अनुपम श्याम, विनय अंबष्ट, पोशक बेहरा, जितेंद्र सिंह, हनुमान, अमित घोष और शरत सोनू शामिल हैं। फिल्म का संपादन चैतन्य वी. तन्ना ने किया है, संगीत निर्देशन राजेश झा का है, जबकि कार्यकारी निर्माता रमेश शर्मा हैं। अजय आनंद द्वारा लिखे गीतों को शहीद माल्या ने अपनी आवाज़ दी है।

प्रीमियर में मौजूद दर्शकों और पत्रकारों ने फिल्म को सामाजिक रूप से प्रासंगिक और भावनात्मक रूप से प्रभावशाली बताया। सोशल मीडिया पर भी फिल्म की चर्चा तेज़ है। कुल मिलाकर ‘अपना अमिताभ’ एक ऐसी फिल्म के रूप में उभरती है, जो मनोरंजन के साथ-साथ समाज को आईना दिखाने का साहस करती है।

You may also like

Leave a Comment

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?
-
00:00
00:00
Update Required Flash plugin
-
00:00
00:00