झुंझुनू। झुंझुनू जिले के गुढ़ा बावनी क्षेत्र में एक युवती की हत्या के मामले ने पूरे इलाके को दहला दिया है। आरोप है कि युवती की उसके प्रेमी ने गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में आरोपी को हिरासत में लिया है, जबकि परिजन न्याय की मांग को लेकर अस्पताल परिसर में धरना दे रहे हैं और शव लेने से इंकार कर चुके हैं।
गुढ़ागौड़जी थाना क्षेत्र के खरबासो की ढाणी निवासी बंटी मेघवाल ने 7 सितंबर की आधी रात कानिका की ढाणी निवासी टीना मेघवाल (19) को फोन कर घर से बाहर बुलाया। दोनों गांव से करीब 150 मीटर दूर पड़ोसी के खेत में मिले। वहीं दोनों के बीच कहासुनी हो गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी बंटी ने युवती को दूसरे युवक से बातचीत बंद करने के लिए कहा। बहस बढ़ने पर उसने गुस्से में आकर युवती की चुन्नी से गला दबाकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
अगली सुबह खेत में युवती का शव मिलने पर गांव में सनसनी फैल गई। शव के गले में चुन्नी बंधी हुई थी और मुंह में घास ठूंसी हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस, एएसपी हेमंत और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची और शव को गुढ़ागौड़जी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया।
प्रेम संबंध और विवाद की वजह
थानाधिकारी राम मनोहर ठोलिया ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि टीना और बंटी के बीच तीन-चार साल से दोस्ती थी। परिवार ने उनकी शादी की बात भी आगे बढ़ाई थी, लेकिन यह संभव नहीं हो सका। करीब छह महीने पहले बंटी पढ़ाई के लिए जयपुर गया था, इसी बीच टीना का संपर्क किसी अन्य युवक से हो गया। गांव लौटने पर जब बंटी को इस बात की जानकारी हुई तो वह नाराज हो गया। इसी नाराजगी के चलते यह घटना घटित हुई।
परिजनों का धरना और आक्रोश
हत्या के बाद से परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हैं। परिजनों ने शव लेने से साफ इनकार कर दिया है। मंगलवार को भी गुढ़ागौड़जी अस्पताल परिसर में धरना जारी रहा, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं एकत्र हुए। परिजनों ने स्पष्ट कहा कि जब तक आरोपी गिरफ्तार कर जेल नहीं भेजा जाएगा, तब तक वे बेटी का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। टीना के पिता ओमप्रकाश मेघवाल ने भावुक होकर कहा, “मेरी बेटी ने किसी का क्या बिगाड़ा था? आरोपी को तुरंत गिरफ्तार करो और सजा दिलाओ।” वहीं, टीना के भाई पवन कुमार ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया और सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर पुलिस ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की, तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई
झुंझुनू एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय ने बताया कि आरोपी बंटी मेघवाल को हिरासत में लिया गया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। थानाध्यक्षों को निर्देश दिए गए हैं कि नाबालिग अथवा युवतियों से जुड़े प्रकरणों की बरामदगी और जांच में देरी न हो।
राजनीतिक हस्तक्षेप
धरने की जानकारी मिलने पर पूर्व मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात की और कहा कि ऐसे गंभीर मामले में पुलिस की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई की मांग की। गुढ़ा बावनी क्षेत्र में हुई इस वारदात से ग्रामीणों में तनाव का माहौल है। बड़ी संख्या में लोग अस्पताल परिसर और गांव में जमा हैं। पुलिस लगातार निगरानी कर रही है ताकि कोई अप्रिय स्थिति न बने।
