वृद्धा पेंशन ₹400 से बढ़ाकर ₹1100 की गई
लालू परिवार पर ‘‘लैंड फॉर जॉब’’ घोटाले का आरोप।
11 करोड़ गरीबों को मुफ्त राशन, 13 करोड़ किसानों को वार्षिक ₹6,000
बक्सर। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के प्रचार अभियान के तहत बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बक्सर में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर जमकर हमला बोला। शाह ने लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘‘लालू यादव ने अपने शासनकाल में बिहार को अराजकता, लूट और अपहरण के दौर में धकेल दिया था, जबकि नीतीश कुमार और एनडीए सरकार ने राज्य को विकास की दिशा दी है।’’
अमित शाह ने दावा किया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार ने सामाजिक सुरक्षा और कल्याण योजनाओं में उल्लेखनीय काम किया है। उन्होंने बताया कि ‘‘बिहार में वृद्धा पेंशन को 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये कर दिया गया है, जिससे लाखों बुजुर्गों को राहत मिली है।’’
गृह मंत्री ने कहा कि यह चुनाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ा जा रहा है। ‘‘14 नवंबर को होने वाले मतदान में जनता लालू प्रसाद यादव के बेटे तेजस्वी यादव का सुपड़ा साफ कर देगी। बिहार की जनता अब एक बार फिर एनडीए को मौका देने जा रही है, ताकि राज्य में स्थिरता और विकास बना रहे,’’ शाह ने कहा।
उन्होंने बक्सर की ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि ‘‘यह वही पवित्र भूमि है जहां भगवान श्रीराम के चरण पड़े थे।’’ शाह ने कहा कि ‘‘सीतामढ़ी में माता सीता के भव्य मंदिर का शिलान्यास किया गया है और अयोध्या में साढ़े 500 साल बाद श्रीराम मंदिर का निर्माण कार्य प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पूरा हुआ है।’’
अमित शाह ने मोदी सरकार की 11 वर्षों की उपलब्धियों का विस्तृत उल्लेख करते हुए कहा कि ‘‘देश के 11 करोड़ गरीबों को मुफ्त राशन, 13 करोड़ किसानों को सालाना 6 हजार रुपये, 12 करोड़ परिवारों को शौचालय, 10 करोड़ घरों में गैस सिलेंडर, 15 करोड़ घरों में नल से जल और 4 करोड़ परिवारों को पक्का मकान मिला है।’’ उन्होंने कहा कि ‘‘आयुष्मान भारत योजना’’ के तहत 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज दिया जा रहा है, जिससे देशभर के गरीब परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा मिली है।
शाह ने विपक्ष पर राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘‘जब सोनिया-लालू की सरकार केंद्र में थी, तब आतंकियों को बिरयानी खिलाई जाती थी। लेकिन मोदी सरकार में पाकिस्तान में घुसकर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ चलाया गया और आतंकियों का सफाया किया गया।’’
उन्होंने कहा कि ‘‘मोदी सरकार ने देश की सीमाओं को सुरक्षित किया, सेना को आधुनिक हथियार दिए और आतंकवाद के खिलाफ सख्त नीति अपनाई। आज दुनिया भारत की ताकत को पहचान रही है।’’
रैली में उपस्थित भीड़ को संबोधित करते हुए अमित शाह ने जनता से अपील की कि वे बिहार में ‘‘नीतीश कुमार और एनडीए सरकार’’ को दोबारा मौका दें ताकि विकास की यह गति रुक न जाए। उन्होंने कहा, ‘‘एनडीए सरकार ने बिहार को सड़क, बिजली, पानी और रोजगार की दिशा में आगे बढ़ाया है, जबकि लालू-राज में बिहार अपराध और भ्रष्टाचार का पर्याय बन गया था।’’
अमित शाह के भाषण के दौरान ‘मोदी-नीतीश जिंदाबाद’ और ‘लालू-तेजस्वी मुर्दाबाद’ के नारे गूंजते रहे। उन्होंने विश्वास जताया कि ‘‘2025 के चुनाव में जनता फिर से एनडीए के पक्ष में जनादेश देगी और बिहार को स्थिर, समृद्ध और सुरक्षित राज्य बनाएगी।’’