कल्याण।
नशे के कारोबार पर नकेल कसने के लिए पुलिस प्रशासन ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। डीसीपी परिमंडल-3 की विशेष स्क्वाड टीम ने शनिवार को कल्याण (पश्चिम) में छापा मारते हुए एक नशे के सौदागर को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 400 कोरेक्स सीरप की बोतलें बरामद की गई हैं, जिनकी बाजार कीमत लगभग 4 लाख रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई डीसीपी स्कॉट के मार्गदर्शन और सपोनी गायकवाड के नेतृत्व में की गई।
शनिवार को विशेष पथक फोर्टिस हॉस्पिटल के पास गश्त पर था, तभी एक संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल पर भारी मात्रा में सामान ले जाता हुआ दिखाई दिया। टीम ने तुरंत घेराबंदी कर उसकी तलाशी ली, जिसमें 400 कोरेक्स सीरप की बोतलें मिलीं। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी इन बोतलों को अवैध रूप से बेचने के इरादे से ले जा रहा था। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से 60,000 रुपये की मोटरसाइकिल तथा 3,660 रुपये नकद जब्त किए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद मताब अनिस रईस (33), निवासी गोल्डन प्लाजा, ओल्ड फिश मार्केट, मौलाना शौकत अली चौक, कल्याण पश्चिम के रूप में हुई है। कार्रवाई के तुरंत बाद आरोपी को बाजारपेठ पुलिस थाने में लाया गया, जहां उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से ही एमएफसी पुलिस थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत एक मामला दर्ज है। पुलिस को शक है कि आरोपी किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है, जो कल्याण और आसपास के इलाकों में नशे का अवैध कारोबार फैला रहा है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को यह नशे का माल कहाँ से मिलता था और इसकी सप्लाई किन लोगों को की जाती थी। डीसीपी स्कॉट की टीम ने बताया कि इस मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जाएगा।
इस कार्रवाई से कल्याण पुलिस ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि शहर में नशे के कारोबार के खिलाफ उनकी मुहिम निरंतर जारी है। अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज से नशे जैसी बुराई को जड़ से खत्म किया जा सके।
